सुल्तानपुर लोधी। बाबा ज्वाला सिंह नगर में अपने बेटे के साथ रहने वाली बुजुर्ग विधवा 80 वर्षीय कुलविंदर कौर का शव कल संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया था। सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने मृतक के पुत्र दलबीर सिंह उर्फ बिल्ला पुत्र स्वर्गीय जसवंत सिंह को गिरफ्तार किया था। गहन पूछताछ के दौरान पता चला कि नशे के लिए पैसे न देने पर बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी थी।

जानकारी देते हुए डी.एस.पी. राजेश कक्कड़ ने कहा कि सीनियर पुलिस कप्तान कपूरथला राजबचन सिंह संधू के निर्देश पर एस.पी.डी. जगजीत सिंह सरोया के नेतृत्व में थाना सुल्तानपुर लोधी के एस.एच.ओ. गगनदीप सिंह सेखों ने हत्याकांड की छानबीन की और 12 घंटे में अंधे कत्ल के मामले को सुलझा लिया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग महिला कुलविंदर कौर पत्नी जसवंत सिंह निवासी गांव बुसोवाल के पति की मौत हो चुकी है, जो कि पिछले कुछ वर्षों से बाबा ज्वाला सिंह नगर सुल्तानपुर लोधी के घर में रह रही थी।

बीते दिन जब घर में महिला का शव मिला तो ऐसा लग रहा था कि पांच-छह दिन पहले उसकी हत्या की गई हो। इस संबंध में पुलिस को बुसोवाल गांव में रहने वाली महिला के दूसरे बेटे दविंदर सिंह ने बयान दर्ज करवाया कि उसकी मां की हत्या छोटे भाई दलवीर सिंह ने की है। डी.एस.पी. राजेश कक्कड़ ने बताया कि पुलिस ने दलवीर सिंह बिल्ला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने माना कि उसने अपनी मां को पीट-पीटकर मार डाला और उसकी लाश सीढ़ियों पर पड़ी सड़ती रही।
उन्होंने कहा कि आरोपी दलवीर सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है और पुलिस रिमांड हासिल कर आगे की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक बुजुर्ग महिला के सबसे बड़े बेटे ने अपने बयान में कहा था कि उसका छोटा भाई चार-पांच साल पहले इंग्लैंड से डिपोर्ट होकर वापस अपने घर मां के साथ बाबा ज्वाला सिंह नगर आकर रहने लगा और कोई काम-धंधा नहीं करता था और वह नशे का आदी हो गया था। उसने कहा कि जब उसकी मां ड्रग्स के पैसे नहीं देती थी तो वह उसके साथ मारपीट करता था। डी.एस.पी. राजेश कक्कड़ और इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह सेखों ने कहा कि दलवीर सिंह बिल्ला अपनी मां से ड्रग्स के लिए पैसे मांग रहा था और पैसे न देने पर कलयुगी बेटे ने अपनी मां के सिर पर लकड़ी से वार कर उसका कत्ल कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
डी.एस.पी. राजेश कक्कड़ ने आगे कहा कि आरोपी बिल्ला अपनी मां से कहता था कि अगर उसके नाम पर कोठी नहीं करनी तो उसके नाम पर एक किल्ला जमीन करवा दी जाए, जिसकी आमदनी से वह अपने नशे की पूर्ति कर सके। उसकी मां के नाम 6 किल्ले जमीन है, जो भी पैसे ठेके के उसकी मां लेती थी, उसमें से ज्यादातर दलबीर सिंह उर्फ बिल्ला उसे पीट-पीटकर छीन लेता था। उसकी मां ने उसे कहा था कि दलबीर सिंह उर्फ बिल्ला उसे पैसे के लिए मार सकता है, क्योंकि एक दिन दलबीर सिंह उर्फ बिल्ला ने उसकी मां से कहा था कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो उसे मार डालेगा।
उन्होंने कहा कि 16 जून 2022 को जब उनका बड़ा बेटा मां से मिलने आया तो घर का दरवाजा खुला था। जब वह 6-7 सीढ़ियां चढ़कर ऊपर की मंजिल पर पहुंचा तो ऊपर से बदबू आ रही थी। जब वह ऊपर गया तो उसने देखा कि ऊपर की मंजिल की लॉबी में खून गिरा था और कमरे में मेरी मां का शरीर खून से लथपथ पड़ा था। उसे यकीन है कि छोटे भाई दलबीर सिंह उर्फ बिल्ला ने ही पैसे के लिए उसकी मां कुलविंदर कौर का कत्ल किया है।