पावो नुर्मी खेलों में नीरज ने तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड, जीता रजत

तुरकू। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने मंगलवार को पावो नुर्मी खेलों में रजत पदक जीतते हुए जैवलीन थ्रो का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया।
नीरज ने 89.3 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पिछले साल मार्च में आयोजित इंडियन ग्रां प्री में बनाया अपना 88.07 मीटर का रिकॉर्ड तोड़ा।
यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होने के साथ-साथ इस वर्ष का अब तक का पांचवां सर्वश्रेष्ठ थ्रो है।
फ़िनलैंड के ओलिवर हेलेंडर ने 89.83 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। ग्रेनाडा के मौजूदा विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स ने 86.60 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
पिछले साल अगस्त में हुए टोक्यो ओलंपिक के बाद नीरज पहली बार किसी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे थे।
24 वर्षीय नीरज ने 86.92 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की, और दूसरे प्रयास में 89.30 मीटर की दूरी पर भाला फेंका, जो उनके ओलंपिक प्रदर्शन (87.58) से भी बेहतर था।
नीरज अब तुरकू के बाद कुओरटाने खेलों में हिस्सा लेंगे, जिसके बाद वह डायमंड लीग के स्टॉकहोम लेग के लिये स्वीडन जाएंगे।
पावो नुर्मी खेल विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर का एक स्वर्ण आयोजन है। यह डायमंड लीग के बाहर सबसे बड़ी ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं में से एक है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *