स्कूल और सड़क नहीं बनने पर पंचायत चुनाव का बहिष्कार
मध्यप्रदेश के भिंड जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया के बीच गोहद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शेरपुरा के अंतर्गत आने वाले महुरी गांव के निवासियों ने चुनाव बहिष्कार की घोषणा की है।
भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया के बीच गोहद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शेरपुरा के अंतर्गत आने वाले महुरी गांव के निवासियों ने चुनाव बहिष्कार की घोषणा की है।
ग्रामीणों ने गांव के बाहर पोस्टर और बैनर लगाकर वोट नहीं मांगने की अपील की है। ग्रामीणों ने खुले स्वर में कहा है कि गांव में पहले रोड और स्कूल होना चाहिए, तब वे वोट देंगे। गांव में सड़क और स्कूल नहीं है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का मुख्य मार्ग कच्चा है और उस पर गंदगी और कीचड़ भी रहती है। गांव में मिडिल स्कूल नहीं होने से हमारे बच्चों को चार किलोमीटर दूर शेरपुर गांव में पढ़ने के लिए जाना पड़ता है। गांव के लोगों ने कल सामूहिक रूप से पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा करते हुए पोस्टर और बैनर लगा दिए।
गोहद के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) शुभम शर्मा ने आज यहां बताया कि महुरी गांव के ग्रामीणों को समझाने के लिए गोहद के जनपद पंचायत सीईओ को भेजा जाएगा। साथ ही ग्रामीणों की मांगें भी दिखवायी जाएंगी।




