सहारनपुर
Trending
पूर्व चेयरमैन अफजाल आज कह सकते हैं सपा को अलविदा, बसपा में जाने की कर सकते हैं घोषणा
पूर्व चेयरमैन अफजाल खान ने बताया कि वह समाजवादी पार्टी की नीतियों से असंतुष्ट हैं। क्योंकि सपा की कथनी और करनी में अंतर आ गया है। इसलिए अब उनका पार्टी में दम सा घुटने लगा है।
सहारनपुर। जनपद की राजनीति में खास पहचान रखने वाले नगर पंचायत नानौता के पूर्व चेयरमैन अफजाल खान के समाजवादी को अलविदा कहते हुए बसपा के हाथी पर सवार होने की घोषणा से सपा को एक बार झटका जरूर लगेगा। क्योंकि चेयरमैन अफजाल खान क्षेत्र में लोकप्रियता रखते हैं और क्षेत्र के मतदाताआंे में अपना प्रभाव भी रखते हैं। पूर्व चेयरमैन अफजाल खान ने बताया कि वह समाजवादी पार्टी की नीतियों से असंतुष्ट हैं। क्योंकि सपा की कथनी और करनी में अंतर आ गया है। इसलिए अब उनका पार्टी में दम सा घुटने लगा है। उन्होंने कहा कि वह आज सोमवार को बसपा में जाने की घोषणा करेंगे और सपा को अलविदा कह देंगे। पूर्व चेयरमैन अफजाल खान की इस घोषणा से जनपद की राजनीति में गर्माहट सी आ गयी है। पूर्व चेयरमैन ने दैनिक अमर भारती संवाददाता से वार्ता करते हुए उक्त जानकारी दी और कहा कि चौधरी बैंकट हॉल में सोमवार को मीटिंग आयोजित कर वह बसपा में शामिल होने की घोषणा करेंगे। सूचना के अनुसार मीटिंग में बसपा के बड़े-बड़े नेताओं के शामिल होने की खबर है। अगर ऐसा हुआ तो जनपद में सपा को बड़ा नुकसान होने के आसार हैं। अफजाल खान नगर की राजनीति में मजबूती के साथ सक्रिय है और वह एक बार फिर नगर पंचायत चुनाव लड़ने की दावेदारी कर चुके हैं जिसमें उन्हें नगर में लगातार समर्थन मिल रहा है। ऐसे में उनका बहुजन समाज पार्टी में जाना फायदेमंद साबित हो सकता है। क्योंकि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली हार से अब प्रदेश की जनता बहुजन समाज पार्टी की ओर चलती दिखाई दे रही है।



