Noida
Trending

श्रीकांत की पत्नी के समर्थन में त्यागी समाज का धरना प्रदर्शन, प्रशासन के सामने रखी ये मांगें

त्यागी समाज के लोग सेक्टर-93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मांगे राम त्यागी ने पुलिस और प्राधिकरण से सोसाइटी में हुए अवैध निर्माण को ढहाने की मांग की।

श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी के समर्थन में सोमवार सुबह त्यागी समाज के लोग सेक्टर-93 स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मांगे राम त्यागी ने पुलिस और प्राधिकरण से सोसाइटी में हुए अवैध निर्माण को ढहाने की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया और उनका धरना खत्म कराया।

मुजफ्फरनगर से मांगे राम त्यागी के नेतृत्व में त्यागी समाज के अनेक लोग सुबह ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी पर पहुंचे और उन्होंने सोसाइटी के बाहर ही दरी बिछाकर अपना धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनके बीच अनु त्यागी भी पहुंचीं। इन लोगों ने आरोप लगाया कि यह मामला अनु त्यागी के सम्मान से जुड़ा है, जिसके परिवार के लोगों को सोसाइटी में परेशान किया जा रहा है। उनके घर के बाहर आकर कभी कैंडल मार्च निकाला जाता है तो कभी बच्चों से अभद्र व्यवहार किया जाता है। वह अपने समाज की बेटी के सम्मान को ठेस नहीं लगने दे सकते।

‘अनु त्यागी के अलावा किसी और पर कार्रवाई क्यों नहीं?’
त्यागी ने कहा कि सोसाइटी में बड़े पैमाने पर लोगों ने अवैध निर्माण कर रखे हैं और अपने घरों के बाहर पौधे लगा रखे हैं, लेकिन अनु त्यागी के अलावा किसी अन्य के खिलाफ कोई कार्रवाई प्राधिकरण ने नहीं की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तो 24 घंटे बाद त्यागी समाज के लोगों द्वारा नोएडा में ही धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने मांगे राम त्यागी और अन्य लोगों को समझाबुझाकर शांत किया और उनका धरना समाप्त कराया। उनकी मांग थी कि जिन लोगों ने यह पौधे उखाड़े हैं, उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाए। समाज के कुछ लोग सोसाइटी में श्रीकांत के घर पर भी गए।

आरोप गलत: एओए
ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी की एओए के अध्यक्ष अविनाश माथुर ने कहा कि सोसाइटी में पूरे समय पुलिस तैनात रहती है। पुलिस अधिकारी ही इस पूरे मामले को देख रहे हैं। सोसाइटी के लोगों पर जो आरोप लगाए गए हैं, वे गलत हैं।

ये मांगें उठाई
मांगे राम त्यागी ने प्रशासन से कहा है कि वह अनु त्यागी के घर के बाहर से उखाड़े गए पेड़ों को फिर से लगवाए। उनके घर का जो हिस्सा तोड़ा गया था, उसका फिर से निर्माण कराए। अन्यथा सोसाइटी के जिन 299 फ्लैट में अवैध निर्माण है, उन्हें भी हटाया जाए। ऐसे नहीं होने पर समाज द्वारा नोएडा में ही धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button