uttar pradesh

UP: लगातार बारिश से उफनाईं सरयू, राप्‍ती-रोहिन और गोर्रा, बाढ़ से घिरे 46 गांव

नेपाल के पहाड़ी इलाकों और यूपी के कई जिलों में भारी बारिश से सरयू, राप्‍ती, रोहिन और गोर्रा नदियां उफना गई हैं। 46 गांव बाढ़ से घिरे हैं। प्रभावितों में आज से खाद्यान्‍न वि‍तरण होगा।

नेपाल के पहाड़ी इलाकों और पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में बारिश से उफनाई सरयू, राप्ती-रोहिन और गोर्रा नदी से इनके किनारे के गांवों के लोग घबराने लगे हैं। इन नदियों में आई बाढ़ की वजह से तकरीबन 4256.729 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हो गई है। सरयू नदी बरहज और तुर्तीपार में खतरे के निशान से ऊपर है और पानी लगातार बढ़ रहा है। सरयू का पानी 46 गांवों को पूर्ण या आंशिक रूप से प्रभावित किया है। इन गांवों के लोगों को मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन ने सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। गोरखपुर जिला प्रशासन के मुताबिक प्रभावित गांवों में शुक्रवार से खाद्यान्न वितरित कराया जाएगा।

सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसके साथ ही नदी का पानी किनारे के गांवों में फैलने लगा है। जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण और सिंचाई विभाग के मुताबिक सरयू नदी में आई बाढ़ से गोला तहसील क्षेत्र के 41 और खजनी क्षेत्र में 5 गांव पूर्ण या आंशिक रूप से प्रभावित हो गए हैं। इन गांवों के लोगों को मदद पहुंचाने के लिए 40 नावें लगा दी गई हैं। बा़ढ़ की वजह से गुरुवार की शाम तक जिले में 4256.729 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हो चुकी है। इसके साथ ही 17791 लोगों की जिंदगी भी प्रभावित होने लगी है।

जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के मुताबिक जिन गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है उन गांवों में शुक्रवार से खाद्य सामाग्री वितरित कराई जाएगी। ग्रामीणों को जरूरत के अन्य सामान भी मुहैया कराए जाएंगे।

मेडिकल की चार टीमें गठित जिला प्रशासन के मुताबिक बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों के इलाज के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की चार टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें गांवों में लोगों की मदद कर रही हैं। अब तक इन टीमों ने 482 लोगों का इलाज किया है। क्लोरी की 1360 गोलियां बांटी जा चुकी है। ओआरएस के 856 पैकेट भी बंट चुके हैं।

गोरखपुर में गुरुवार को नदियों का जलस्तर

सरयू नदी बरहज
-खतरे का निशान 66.50 आरएल मीटर
-सुबह जलस्तर 67.850 आरएल मीटर
-शाम जलस्तर 67.850 आरएल मीटर

सरयू नदी तुर्तीपार
-खतरे का निशान 64.01 आरएल मीटर
-सुबह जलस्तर 64.870 आरएल मीटर
-शाम जलस्तर 64.880 आरएल मीटर

राप्ती नदी बर्डघाट
-खतरे का निशान 74.900 आरएल मीटर
-सुबह जलस्तर 74.550 आरएल मीटर
-शाम जलस्तर 74.490 आरएल मीटर

रोहिन नदी त्रिमुहानी घाट
-खतरे का निशान 82.440 आरएल मीटर
-सुबह जलस्तर 82.160 आरएल मीटर
-शाम जलस्तर 81.180 आरएल मीटर

गोर्रा नदी पिंडरा घाट
-खतरे का निशान 70.50 आरएल मीटर
-सुबह जलस्तर 70.200 आरएल मीटर
-शाम जलस्तर 70.200 आरएल मीटर

नदियों में उफान से सड़कों पर चढ़ा पानी
गोरखपुर के गगहा के घेवरपार-साऊंखोर मार्ग पर उफनाई राप्ती का पानी चढ़ गया है। इससे आने-जाने वालों को काफी परेशानी हो रही है। डोमिनगढ़ संवाद के मुताबिक डोमिनगढ़-डोहरिया बाजार मार्ग पर रोहिन नदी का पानी चढ़ जाने के कारण आस-पास के लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में उफान और आया तो जमकर तबाही मचेगी।

खाद्य सामाग्री के दो पैकेट वितरित किए जाएंगे
जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के मुताबिक बाढ़ प्रभावित गांवों में ग्रामीणों के बीच दो पैकेट वितरित किए जाएंगे। पहले पैकेट में लाई 5 किलो, भूना चना 2 किलो, गुड़ एक किलो, बिस्कुट 10 पैकेट, माचिस एक पैकेट, मोमबत्ती एक पैकेट, स्नान करने के लिए साबुन दो रखे गए हैं। दूसरे पैकेट में आटा 10 किलो, चावल 10 किलो, अरहर दाल दो किलो, नमक आधा किलो, हल्दी एक पाव, मिर्च एक पाव, सब्जी मसाला एक पाव व तेल एक लीटर रखा गया है।

प्रशासन ने चिह्नित किए 83 राहत शिविर
जिला प्रशासन ने बाढ़ की आशंका को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली है। जिले में 83 राहत शिविर बनाने के लिए 83 राहत शिविरों को चिह्नित कर लिया है। इनमें सदर तहसील क्षेत्र में 14, कैम्पियरगंज और सहजनवां में 11-11, चौरीचौरा में 5, बांसगांव में 12, खजनी में 14 और गोला तहसील क्षेत्र में 16 राहत शिविर के लिए स्थल चिह्नित कर लिए गए हैं।

जिले की सभी 86 बाढ़ चौकियों को संसाधन मिले
जिला प्रशासन ने नदियों में उफान को देखते हुए सभी 86 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। सदर तहसील क्षेत्र में 14, कैम्पियरगंज में 15, चौरीचौरा में 4, सहजनवां में 10, बांसगांव में 19, खजनी में 11 और गोला तसहील क्षेत्र में 13 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं। इन सभी को सक्रिय कर दिया गया है।

  1. 397 नावों की व्यवस्था की
    बाढ़ की विभीषिका के दौरान प्रभावित गांवों के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने 397 नावों की व्यवस्था करा ली है। इसमें 58 छोटी नाव, मझोली नाव 268 और 70 बड़ी नावों की व्यवस्था कर ली गई है।

आपदा कंट्रोल रूम स्थापित
जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण द्वारा बाढ़ आपदा कंट्रोलरूम स्थापित कर दिया गया है। इसके लिए सम्पर्क नम्बर 0551-2201776, मोबाइल नम्बर 9454416252 और 9555786115 जारी कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button