uttar pradesh

NDA सत्ता में आई तो माफिया का अंत होगा, बिहार के सीवान में बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता में लौटने पर प्रदेश से “माफिया का अंत” उसी तरह होगा, जैसे उनके राज्य में हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने सीवान जिले की एक चुनावी सभा में यह दावा भी किया कि कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन समारोह में शामिल न होने की सलाह देकर देश के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद का अपमान किया था।

सीवान राजेंद्र प्रसाद का जन्मस्थान है। योगी ने कहा, “कांग्रेस को बिहार की जनता ने इसलिए खारिज किया क्योंकि उसने सरदार वल्लभभाई पटेल, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और कर्पूरी ठाकुर जैसे महापुरुषों का अपमान किया। यहां तक कि बिहार के ही रहने वाले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी को भी कांग्रेस ने अपमानित किया था।” उन्होंने दावा किया, “जब राजेंद्र बाबू ने सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निर्णय लिया, तब कांग्रेस के प्रधानमंत्री नेहरू ने उनसे कहा कि वे वहां न जाएं। लेकिन राजेंद्र बाबू के लिए यह आस्था का विषय था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह अपने पद से इस्तीफा देना पसंद करेंगे, लेकिन समारोह में जाना नहीं छोड़ेंगे।” कांग्रेस पर देश में गरीबी और पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि यह पार्टी “ब्रिटिश हुकूमत की उत्तराधिकारी” है, जिसने भारतीय उद्योगों और कारीगरी को नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा, “बिहार प्राचीन पाटलिपुत्र जैसी सत्ता का केंद्र रहा है और चंद्रगुप्त जैसे महान सम्राटों की भूमि है। यह वह प्रदेश है जहां कभी नालंदा जैसे विश्वविख्यात विश्वविद्यालय था जिसे विदेशी आक्रमणकारियों ने नष्ट किया था। उनके वंशज आज भी राजनीतिक इस्लाम को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।”

योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद)ने हमेशा भारत की सांस्कृतिक विरासत का अपमान किया है। उन्होंने राम रथ यात्रा के दौरान भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा कि “इन्होंने भगवान राम के रथ को भी रोक दिया था।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के कार्यकाल में केंद्र ने उच्चतम न्यायालय में यह हलफनामा दिया था कि भगवान राम के अस्तित्व का कोई प्रमाण नहीं है। योगी ने कहा, “भाजपा और राजग ने हमेशा अपनी विरासत को सम्मान दिया है। हमने अपना वादा निभाया। राम मंदिर उसी स्थान पर बनाया गया, जहां वह होना चाहिए था।”

उन्होंने कहा कि बिहार में यदि राजग सत्ता में लौटा तो “माफिया का अंत होगा, जैसे उत्तर प्रदेश में हुआ, जहां उनकी अवैध संपत्तियां जब्त की गईं और कई अपराधियों को नरक भेज दिया गया।” योगी ने अपने पिछले बिहार दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया था, “जहां एक माफिया के परिजन फिर से सिर उठाने की कोशिश कर रहा है।” उनका इशारा राजद प्रत्याशी ओसामा शहाब की ओर था, जो दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन के पुत्र हैं। शहाबुद्दीन सीवान के बहुचर्चित बाहुबली और कई बार के सांसद रहे। योगी ने कहा, “रघुनाथपुर में मेरी रैली में जिस उत्साह को मैंने देखा, उससे मुझे विश्वास हो गया है कि बिहार, जो माता सीता की भूमि है, वहां किसी ‘मारीच’ जैसे राक्षस को पनपने नहीं दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश की तरह, ऐसे तत्वों को यहां भी बुलडोजर के नीचे कुचल दिया जाएगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button