IGRS की शिकायतों का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों का रुकेगा वेतन
जिलाधिकारी राजकमल यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली आइजीआरएस पोर्टल के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बागपत। जिलाधिकारी राजकमल यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली आइजीआरएस पोर्टल के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने कहा मुख्यमंत्री जी एवं अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों के निस्तारण एवं गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा की जाती है। आईजीआरएस पर प्राप्त संदर्भों का निस्तारण संबंधित अधिकारी तत्काल करें और शिकायतकर्ता से फोन पर भी संपर्क करें। जो अधिकारी शिकायतों के प्रति गंभीर नहीं है और शिकायत डिफाल्टर की श्रेणी में जा रही हैं ऐसे अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा और उनके प्रति विभागीय कार्यवाही भी अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत के निस्तारण संबंधित फाइल भी कार्यालय में होनी चाहिए। एक शिकायतकर्ता की बार-बार शिकायत आती है उसका समाधान नहीं होता है तो ऐसे अधिकारियों को भी चिन्हित किया जाएगा।
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री संदर्भ प्रधान मंत्री संदर्भ ,जिलाधिकारी संदर्भ जनसुनवाई पोर्टल पर कोई शिकायत लंबित रहती है तो संबंधित विभाग के प्रति यह माना जाएगा कि वह अपनी कार्यशैली में कोई परिवर्तन नहीं कर रहा है। अगर कोई डिफाल्टर की श्रेणी में आता है तो उसका वेतन रोका जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर कोई भी शिकायत नहीं आनी चाहिए जो शिकायत है उनका समय से निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।शिकायतकर्ता की शिकायत को गंभीरता के साथ समाधान किया जाए इस पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं है।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यालय अध्यक्ष को निर्देश दिए कि वे प्रातः 10 बजे अपने दफ्तर में अवश्य बैठे और जन समस्याओं को सुनें। अगर इसमें कोई अधिकारी अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी कार्यालय में साफ-सफाई अच्छी रहनी चाहिए सभी अधिकारी अपने कार्यालयों को अच्छा साफ सुथरा रखें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रंजीत सिंह ,अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दिनेश कुमार, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।




