BJP बेईमानी नहीं करती तो इंडिया गठबंधन 50 से ज्यादा सीटें जीतता: अखिलेश यादव
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर प्रशासन ने कई सीटों पर बेईमानी की।

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बेईमानी नहीं की होती तो उत्तर प्रदेश में इंडिया समूह 50 से भी ज्यादा सीटें जीतता। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर प्रशासन ने कई सीटों पर बेईमानी की। प्रशासन निष्पक्ष रहता तो इंडिया गठबंधन ने जितनी सीटों पर जीत हासिल की है, उससे भी ज्यादा सीटें आती।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि ”भाजपा सरकार ने संविधान और आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया। लेटरल एंट्री के जरिए इसी सरकार ने पहले तमाम भर्तियां की, उसमें आरक्षण का पालन नहीं किया। कई विभागों में लेटरल एंट्री से भर्ती हुई लेकिन आरक्षण का पालन नहीं हुआ। कृषि विभाग में न जाने कितने लोग लेटरल एंट्री से आये थे क्या उसमें आरक्षण दिया गया था। समाजवादियों ने पहले भी कहा था भाजपा आरक्षण का नुकसान करती है। वाइस चांसलर की नियुक्तियों में पीडीए परिवार के लोग कहां है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भेदभाव करती है। सुल्तानपुर मामले में मुख्य आरोपी पर ज्यादा मुकदमे है, वह सरेंडर करता है और मंगेश यादव को पुलिस दो सितम्बर को घर से उठाती है और पांच सितम्बर को मार दिया जाता है। इनसे पहले किसी भी मुख्यमंत्री ने जेल में जाकर माफिया के साथ चाय-कॉफी नहीं पी थी। उत्तर प्रदेश के किसी और मुख्यमंत्री ने अपने मुकदमे वापस नहीं लिए थे। इस सरकार के सात साल हो गये, क्या उसने कभी प्रदेश के टॉप टेन माफियाओं की सूची जारी की।”




