BJP नेता की गोली मारकर हत्या, हमलावरों ने चारों तरफ से की ताबड़तोड़ फायरिंग
मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में भाजपा के युवा नेता और केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के करीबी माने जाने वाले मोनू कल्याणे की शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 2 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में भाजपा के युवा नेता और केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के करीबी माने जाने वाले मोनू कल्याणे की शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 2 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शहर के एमजी रोड इलाके के चिमनबाग चौराहे पर भाजपा नेता को चारों तरफ से घेरकर उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। घटना में मोनू कल्याणे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही इलाके में भारी पुलिसभल तैनात कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि, घटना के बाद मोनू के साथी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, घटना के बाद इलाके में तनाव के हालात है। मोनू कल्याड़े हत्याकांड में दो आरोपियों के नाम सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ और आगजनी भी की है। इस दौरान आरोपियों के घर के बाहर खड़ी कई गाड़ियों को आग के हवाले भी किया गया है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग आरोपी के घर और वाहनों में आग लगाते दिख रहे हैं, जबकि वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, ‘बदला अभी बाकी है’। वहीं, मृतक युवा नेता के घर के बाहर भी लोगों की भारी भीड़ जमा है। फिलहाल, मौके पर भारी पुलिसबल तैनात है। आला अधिकारी खुद हर एक परिस्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



