देश

पटाखों के ढेर में विस्फोट से तीन लोगों की मौत, 32 अन्य लोग घायल

चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट होने से एक नाबालिग समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ के चंदन यात्रा उत्सव के दौरान पटाखों के ढेर में विस्फोट होने से एक नाबालिग समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात को यह हादसा उस समय हुआ जब सैकड़ों लोग अनुष्ठान देखने के लिए नरेन्द्र पुष्करिणी के तट पर एकत्र हुए थे। उन्होंने बताया, एक लड़के ने कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य लोगों की भुवनेश्वर के निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान मौत हो गई।

ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप कुमार जेना, खुर्दा जिलाधिकारी चंचल राणा और स्वास्थ्य सचिव शालिनी पंडित घायल लोगों के इलाज की जानकारी लेने के लिए बुधवार देर रात अलग-अलग अस्पताल पहुं‍चे।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक घायल लोगों से मिलने के लिए बृहस्पतिवार सुबह यहां एक निजी अस्पताल पहुंचे। पटनायक ने अस्पताल के चिकित्सकों से बात की और मरीजों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि घायल लोगों को पुरी, भुवनेश्वर और कटक के विभिन्न निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पंडित ने आज (बृहस्पतिवार) सुबह संवाददाताओं से कहा, चिकित्सों की कई टीमें घायल लोगों की जान बचाने की पूरी कोशिश में जुटी हैं।

चूंकि ऐसे मामलों में शुरुआती 48 घंटे का समय बहुत महत्वपूर्ण होता है, इसलिए हम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के इलाज का खर्च उठा रही है।

पुरी के पुलिस अधीक्षक पिनाक मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं का एक समूह पटाखे जलाकर त्यौहार मना रहा था कि तभी अचानक जलते हुए पटाखों का एक टुकड़ा ढेर पर जा गिरा, जिससे विस्फोट हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button