भाजपा से नहीं हो रहा रालोद का गठबंधनः भूपेन्द्र चौधरी
सपा और इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती से लडेंगे लोकसभा चुनाव रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने प्रेसवार्ता में भाजपा पर साधा निशाना

जलालाबाद। बुधवार को रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता भूपेन्द्र चौधरी ने भाजपा से गठबंधन की तमाम अटकलों को विराम देते हुए कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव सपा और इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर मजबूती से लडेगी। उन्हानें कहा कि पहले की भाजपा और आज की भाजपा में जमीन-आसमान का अंतर है। जानकारी के अनुसार बुधवार को कस्बा जलालाबाद में शेरजमा खान के आवास पर आयोजित पत्रकारों से वार्ता करते हुए रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा से गठबंधन नहीं कर रही है। रालोद सपा और इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लडेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को बांटकर राजनीति कर रही है लेकिन रालोद ने हमेशा भाईचारे की राजनीति की है। भाजपा केवल लोगों को आपस में लडाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले की भाजपा और आज की भाजपा में जमीन-आसमान का अंतर है। पहले अटल जी की भाजपा थी, जबकि आज मोदी व शाह की भाजपा है। ये लोग देशवासियों को लडाने का काम कर रहे हैं। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी द्वारा किए गए ट्वीट के संबंध में जब उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि चाहे कोई इसका कुछ भी मतलब निकाले लेकिन रालोद भाजपा से गठबंधन करने नहीं जा रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर जो हाईकमान का निर्देश होगा, उसी के तहत सीटों के बंटवारे पर निर्णय होगा। इस मौके पर रालोद जिलाध्यक्ष वाजिद अली, पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र चेयरमैन, अजीत राठी, उमेश पंवार, वसीउल्लाह आदि भी मौजूद रहे।




