दिनदहाड़े छोटे भाई ने बड़े भाई को गोलियों से भूना, हत्या का कारण जमीनी विवाद
मृतक की पत्नी अलीना खान ने ससुर देवर के खिलाफ कराया मुकदमा दर्ज, कराया मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मेरठ मोर्चरी के लिए भेजा

मवाना। हस्तिनापुर में डबल मर्डर को हुए अभी 24 घंटे नहीं बीते थे कि मवाना क्षेत्र के गांव सठला में दिनदहाड़े जमीन के विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई को गोलियों से भून डाला और मौत के घाट उतार दिया। गोली मारकर हत्या करने के बाद हत्यारोपी भाई मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया है। सूचना मिलते ही एसपी देहात कमलेश बहादुर सीओ आशीष शर्मा पुलिस टीम को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक की दो बहनों एवं पत्नी को हिरासत में लेकर थाने लाकर पूछताछ की। मृतक की पत्नी अलीना खान ने हत्या में शामिल ससुर एवं देवर को नामजद करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने हत्यारोपियों को दबोचने में जुटी है।
मवाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सठला में फिरोज खान पुत्र मुस्लिम खान का छोटे भाई जैद खान से काफी समय से जमीन को बेचने के लिए विवाद चला आ रहा था। जिसका विरोध फिरोज खान एवं उसकी पत्नी अलीना खान करती थी। सोमवार सुबह जमीन की बिक्री न करने पर छोटे भाई जैद खान में गाली गलौज के साथ मारपीट और कहासुनी हो गई। कहासुनी के बढ़ने पर जैद खान ने घर में रखे तमंचे से फिरोज खान पर गोलियां बरसा दी। पांच राउंड गोलियां बरसाने के बाद फिरोज के शरीर में दो गोली लगने से लहुलुहान हो गया। गंभीरावस्था में परिजन नगर स्थित प्राईवेट चिकित्सक के पास पहुंचे जहां चिकित्सक ने फिरोज खान को मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हत्या होने से गांव में सनसनी फ़ैल गई और सूचना मिलते ही एसपी देहात कमलेश बहादुर, सीओ आशीष शर्मा समेत इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजा। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने मौके पर मौजूद मृतक फिरोज खान की पत्नी अलीना खान एवं दोनों बहनों को हिरासत में लेकर थाने लाकर पूछताछ की। मृतक फिरोज खान की पत्नी अलीना खान ने पुलिस को बताया कि उसने करीब छह महीने पहले फिरोज खान से प्रेम प्रसंग के बाद कोर्ट मैरिज किया था तभी से ससुर, देवर एवं दोनों बहनें ज़मीन बेचने को लेकर उनके साथ आए दिन विवाद एवं मारपीट करते चले आ रहे थे। सोमवार सुबह जमीन को बेचने को लेकर देवर जैद खान ने फिरोज खान के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। विवाद बढ़ने पर जैद खान ने घर में रखे तमंचे से फिरोज खान पुत्र मुस्लिम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। पांच राउंड गोलियां बरसाने से फिरोज को दो गोलियां लगी। जिसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। एसपी देहात कमलेश बहादुर के आदेश पर मृतक फिरोज खान की पत्नी अलीना खान ने ससुर मुस्लिम एवं देवर जैद खान के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि हत्या की कडी जमीन विवाद से जुड़ी है। हत्यारोपियो को दबोचने के लिए टीम गठित कर दी गई है जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।




