
गुडग़ांव (अशोक) : हरियाणा कला परिषद प्रदेश की संस्कृति से
प्रदेशवासियों को रुबरु कराने के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का
आयोजन करती आ रही है। विकास शर्मा का हास्य नाटक गई भैंस पानी में का सफल
मंच कलाकारों ने किया। हरियाणा कला परिषद के निदेशक संजय भसीन, विधायक
सुभाष सुधा, कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की कला एवं संस्कृति अधिकारी
तानिया, जीएस चौहान ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का आयोजन किया।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि जिंदगी में हंसना बेहद जरुरी है। बिना हास्य
के जीवन नीरस हो जाता है। एक ओर जहां हास्य तनाव को दूर करता है, वहीं
लोगों के अंदर स्फूर्ति भी पैदा करता है। ऐसे में कलाकार जब हास्य के साथ
सामाजिक संदेश लोगों तक पहुंचाते है और समाज को आईना दिखाते हैं, तो उनकी
कला की सार्थकता सिद्ध होती है। नाटक में एक ऐसे परिवार में घटित घटना को
दिखाया गया जो लालच में आकर गरीब बनने का ढोंग करते हुए साईबर क्राईम के
शिकार हो जाते हैं। नाटक में एक ओर जहां कलाकारों का अभिनय काबिलेतारीफ
रहा, वहीं नाटक की मंचसज्जा ने भी नाटक की खूबसूरती बढ़ाने में अपनी अहम
भूमिका निभाई। चंद पलों में घर को अमीर घर से गरीब घर में तबदील करना
लोगों को सोचने पर मजबूर कर गया। कलाकारों की वेशभूषा, संवाद, संगीत तथा
प्रकाश व्यवस्था ने भी नाटक में जान डालकर रखी। विकास शर्मा ने बताया कि
इस नाटक में दीपक जांगड़ा, निकेता कौशिक, ज्योति बांकुरा, शिव कुमार
किरमच, चंचल शर्मा, अमरदीप जांगड़ा, निखिल पारचा, राजीव कुमार, तुषार,
पार्थ शर्मा तथा जतिन ने जबरदस्त अभिनय किया। संगीत संचालन पर आकाशदीप व
प्रकाश व्यवस्था पर लालचंद और रुपसज्जा रजनीश भनौट की रही। प्रो. संजय
भसीन ने कहा कि हरियाणा कला परिषद प्रदेश की सभ्यता, संस्कृति, नाटकों व
अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेशवासियों को ही नहीं, अपितु प्रदेश
के अन्य प्रदेशों के लोगों को भी रुबरु कराने में जुटी है। बड़ी संख्या
में नाटक प्रेमियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।




