देश
Trending

हरिद्वार में उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, भगवामय हुई तीर्थनगरी

हरिद्वार। हरिद्वार में चारों ओर कांवड़ियों के जत्थे ही दिखाई दे रहे हैं। तीर्थनगरी चारों ओर से बम-बम, हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान है। चारों ओर भगवा ही भगवा दिखाई दे रहा है।

हरिद्वार में पिछले दिनों से जारी बारिश बीते रोज दोपहर बाद थम गई। आज भी मौसम पूरी तरह से साफ है। मौसम साफ होते ही कांवड़ियों की भारी भीड़ हरिद्वार में जुट चुकी है। बड़ी संख्या में कांवड़िये गंगा जल लेने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। दूसरी तरफ शहर में कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और लॉ एंड ऑर्डर बना रहे, इसलिए पुलिस बल भी सड़कों पर उतरकर व्यवस्था बना रहा है। बावजूद इसके चारों ओर जाम का नजारा है।

कांवड़ मेले में अब एक दिन का ही समय शेष है। 15 जुलाई को कांवड़ियों को हरिद्वार से गंगा जल ले जाकर अपने-अपने शिवालयों में जलाभिषेक करना है। ऐसे में हरिद्वार में कांवड़ मेला चरमोत्कर्ष पर है। आज का दिन पुलिस व जिला प्रशासन के लिए काफी चुनौती भरा है। मेले का आखिरी दिन होने के कारण डाक कांवडि़यों की भारी भीड़ तीर्थनगरी में उमड़ पड़ी है। दुपहिया वाहनों से आने वाले कांवड़ियों की भीड़ अब रफ्तार पकड़ चुकी है। जिस कारण से चारों से बाइकों की गुंज की सुनाई दे रही है।

बैरागी कैंप में कांवड़ियों की संख्या बहुत अधिक हो गई है। इस समय पूरा मेला क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी हुई है। कांवड़ मेले में पैदल कावड़ियों के लिए बनाई गई कांवड़ पटरी पर गुरुवार सुबह से ही डाक कांवड़ियों की संख्या अधिक रही। साथ ही कांवड़ियों के लिए राजमार्ग के दोनों मार्ग खोल दिए गए हैं। अभी तक करीब 4 करोड़ के करीब कांवड़िये जल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।

मेले की व्यवस्थाओं को बनाने में जुटे पुलिस प्रशासन ने पिछले 12 घंटे के अंदर ही अप्रत्याशित डाक कांवड़ियों के हरिद्वार आगमन और असंख्य मोटर साइकिलों के हुजूम को कंट्रोल किया।

एसएसपी हरिद्वार और टीम ने देर रात्रि सभी रूट सुचारू किए। करीब 55 हजार डाक वाहनों को गंतव्य के लिए सकुशल रवाना किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button