crime
Trending

फर्रुखाबाद में पति को फांसी पर झूलता देख पत्नी ने भी फांसी लगाई, दोनों की मौत

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बुधवार को पति को फांसी के फंदे पर झूलता देख पत्नी नें भी फांसी लगा ली। उसे गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

थाना जहानगंज के ग्राम बेहटा राजेपुर टप्पामंडल निवासी विकास उर्फ रामू(22) पुत्र अवनीश कुमार का अपनी मां रेखा देवी से दवा खाने को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद युवक विकास ने घर के कुछ दूरी पर कन्हैया के खेत में शीशम के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। विकास की मां बीमार रहती है और उसका इलाज चल रहा है। जिससे युवक परेशान रहता था। जब परिजनों को सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे। मृतक विकास की पत्नी नेहा देवी व माँ रेखा देवी मौके पर पहुंची। पत्नी नेहा देवी ने पति को फांसी के फंदे पर झूलता देख पास में ही शीशम के दूसरे पेड़ पर फांसी लगा ली।

परिजनों ने आनन-फानन में उसे फांसी के फंदे से नीचे उतारा और मेजर एसडी सिंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसके बाद परिजन ने उसे गंभीर हालत में डॉ राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल, फर्रुखाबाद लेकर पहुंचे। जहां ईएमओ ड्यूटी पर तैनात डॉ मनोज पांडे ने महिला नेहा देवी को मृत घोषित कर दिया। नेहा व उसके पति की मौत से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया।

उल्लेखनीय है कि मृतक विकास राजपूत डी फार्मा करने के बाद आवास विकास स्थिति एक अस्पताल में प्रैक्टिस कर रहा था। तो वहीं मृतक महिला जनपद कन्नौज के ग्राम पिंडारी खेड़ा की निवासी थी। एक साथ दो-दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया तो गांव में मातम छा गया। चार माह पूर्व ही 11 फरवरी, 2023 को विकास व नेहा की शादी हुई थी। अपर पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button