हेल्थ
Trending

सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन

मुजफ्फरनगर। जनपद में सोमवार को खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। जनपद के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर दम्पति को परिवार नियोजन के लाभ के बारे में जानकारी के साथ परिवार नियोजन के साधनों की सुविधा प्रदान की गई ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया -खुशहाल परिवार दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (यूपीटीएसयू) के सहयोग से परिवार नियोजन के बारे में काउंसलिंग की गई। शासन से मिले निर्देशों के मुताबिक इस आयोजन का उद्देश्य हाई रिस्क प्रेगनेंसी, एक वर्ष के दौरान शादी करने वाले दंपति और तीन या उससे अधिक बच्चों वाले दंपति को परिवार नियोजन के बारे में जानकारी देना और उनकी इच्छा के मुताबिक उन्हें जरूरी साधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया- खुशहाल परिवार दिवस में दो बच्चों के जन्म के बीच तीन वर्ष का सुरक्षित अंतर रखने के लिए परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों की जानकारी दी गई। महिलाओं के लिए गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा, आईयूसीडी और पीपीआईयूसीडी की सुविधा मुहैया कराई गई। परिवार पूरा कर चुके योग्य दंपति को परिवार नियोजन के स्थाई साधन (नसबंदी) अपनाने की सलाह दी गई।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व परिवार नियोजन कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा ने बताया – जिला महिला अस्पताल के साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य उप केंद्रों पर खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। साथ ही परिवार नियोजन साधनों के बारे में विस्तार से बताते हुए विवाह पंजीकरण के बारे में भी अवगत कराया गया। इसमें आशा कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। वह खुशहाल परिवार दिवस पर लक्षित समूह की चिन्हित महिलाओं को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं, ताकि उनको विस्तार से परिवार नियोजन साधनों के बारे में जानकारी मुहैया कराई जा सके।

जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ ने बताया आशा-एएनएम घर-घर तक परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी पहुंचा रही हैं और दो बच्चों के जन्म के बीच सुरक्षित तीन वर्ष के अंतर का महत्व भी बता रही हैं। उन्होंने बताया दो बच्चों के जन्म के बीच सुरक्षित अंतर मां और शिशु, दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button