crime
Trending

झांसी में पुरानी रंजिश को लेकर पथराव और फायरिंग, वृद्ध की मौत

झांसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक गांव में चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में बीती रात झड़प हो गई। पथराव व फायरिंग में एक वृद्ध की गोली लगने से उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और आरोपितों की तलाश में दबिश शुरू कर दी। साथ ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित ग्राम टांकोरी निवासी 60 वर्षीय लालाराम का गांव के ही दबंगों से विवाद चला आ रहा है। बीती रात को लगभग 11 बजे लालाराम अपने कुछ लोगों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था। तभी गांव में ही घात लगाए बैठे दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपितों ने पीड़ित पक्ष पर पथराव व फायरिंग भी की। इसी बीच फायरिंग के दौरान गोली लालाराम को लगी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, साथ ही लालाराम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान लालाराम की मौत हो गयी। हत्या का आरोप गांव के प्रधान परिवार से जुड़े लोगों पर है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक(शहर) ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि रात में 112 नंबर पर सूचना दी गई थी कि ग्राम काकोरी में पथराव और फायरिंग की जा रही है। जिसमें लालाराम को गोली लगी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर लालाराम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। दोनों पक्षों में वर्चस्व को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। एक दूसरे के खिलाफ मुकदमे भी लिखवाए गए हैं। फिलहाल आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पथराव करने वाले कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है और हत्यारों के झोंके गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button