दिल्ली में तेज रफ्तार कार सवार ने मारी युवक को टक्कर,मामला दर्ज

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में कार चालक ने रविवार देर रात सड़क पर जा रहे युवक को टक्कर मार दी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। वहीं कार सवार दो युवक भी घटना में घायल हो गए। पुलिस ने हादसे में घायल शख्स के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दोनों कार सवार घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

डीसीपी सागर सिंह कलसी ने सोमवार को बताया कि चांदनी चौक इलाके में रविवार देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस को कॉल मिली कि तेज रफ्तार कार सवार दो लोगों ने सड़क पर जा रहे एक शख्स को जोरदार टक्कर मार दी है। हादसे में तीनों शख्स घायल हो गए हैं।

हादसे की सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लोगों ने बताया कि हादसे में कार सवार अंकुर, जावेद और तीसरे शख्स योगेंद्र घायल हो गए हैं। पुलिस तीनों घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां दोनों कार सवारों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि योगेंद्र को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने हादसे में घायल योगेंद्र के बयान पर आईपीसी की धारा 279/337 का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



