मीरजापुर में मड़हे में लगी आग से जिंदा जला अबोध बालक, मां की आंखों के सामने सब कुछ राख

मीरजापुर। हलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिगढ़ा गांव के बैगा बस्ती में रविवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मड़हे में लगी आग से अबोध बालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मां की आंखों के सामने ही सबकुछ जलकर राख हो गया। खाद्यान्न व गृहस्थी का सामान समेत पूरा मड़हा जल गया। वहीं आग से जिंदा जले मृत बालक का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दरअसल, मनिगढ़ा गांव के बैगा बस्ती निवासी पिंटू बैगा की पत्नी अनीता ने अपने दो वर्षीय पुत्र छोटकू को मड़हे में चारपाई पर सुलाकर बड़े पुत्र राजू (4) को देखने के लिए कहकर घर से लगभग आठ सौ मीटर दूर हैंडपंप पर पानी लेने गई थी। इसी बीच मड़हे में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। पानी लेकर लौटने पर अनीता ने देखा कि मड़हे से आग की लपटें उठ रही हैं। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मड़हा पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था और अबोध बालक की भी आग में जलकर मौत हो गई थी। जबकि बड़ा पुत्र राजू आग लगने पर मड़हे से बाहर निकल आया था।

मड़हे में रखा खाद्यान्न भी जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे एसआई हलिया हरिकेश राम आजाद घटना की जांच में जुट गए और मृत बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के समय पिंटू घर पर नहीं था। वह मध्यप्रदेश के सतना जिले में काम करता है।
थानाध्यक्ष विष्णुप्रभा सिंह ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मड़हे में सो रहे अबोध बालक की जलकर मौत होने की सूचना मिली थी। हल्का प्रभारी को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है।



