फतेहाबाद में जमीन की खरीद फरोख्त के नाम करोड़ों की ठगी, बैंक मैनेजर सहित 13 पर केस दर्ज

फतेहाबाद। जिले के जाखल क्षेत्र के गांव कुदनी में जमीन खरीद-फरोख्त में करोड़ों रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर जाखल पुलिस ने विक्रेताओं के अलावा दो प्रॉपर्टी डीलरों, बैंक मैनेजर सहित 13 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी को दी शिकायत में बताया गया कि ठगी के शिकार लोगों में अधिकतर लोग हिसार के गांव मिर्जापुर व 4 शख्स टोहाना के गांव मामुपुर के रहने वाले हैं। हिसार के गांव मिर्जापुर निवासी कृष्ण, सुभाष, बारू राम, जयभगवान व कई अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने टोहाना क्षेत्र के कुछ लोगों से कई किला रकबा जमीन के अलग-अलग सौदे किए थे। इनमें टोहाना और गांव ढेर के दो प्रॉपर्टी डीलर शामिल हैं। शिकायतकर्ताओं ने इकरारनामे की करोड़ों रुपये की अलग-अलग राशि जमीनों से संबंधित विक्रेताओं को विभिन्न तारीखों को नकद, चेक और खाता में ट्रांसफर करके दी थी। दोनों प्रॉपर्टी डीलरों को भी रुपये दिए गए थे। उन्होंने बताया कि दोनों प्रॉपर्टी डीलर को कुछ और राशि लेने के लिए 5 मार्च को मिर्जापुर आना था, लेकिन वे नहीं आए। इस पर शिकायतकर्ता 6 मार्च को टोहाना के प्रॉपर्टी डीलर की दुकान पर गए।

आरोप है कि वहां उन्हें पता चला कि प्रॉपर्टी डीलर नेतपाल 2 दिन से गायब है और अपनी प्रॉपर्टी बेचकर कहीं चला गया है। इसके बाद कुछ शिकायतकर्ता जिन्होंने एक ही विक्रेता कुदनी निवासी विशाल से जमीन का इकरारनामा किया था, उसके घर भी गए, जहां उनके पिता ने बताया कि उन्होंने कोई जमीन बेचने का इकरारनामा नहीं किया और जो बैंक खाता उनके बेटे के नाम का बताया जा रहा है, उस खाते में एक प्रॉपर्टी डीलर के गांव धिड़ निवासी रिश्तेदार का नंबर रजिस्टर है। बैंक में पता करने पर भी यही पता चला कि खाता विशाल के नाम पर है लेकिन मोबाइल नंबर और आईडी किसी और के हैं। मिर्जापुर निवासी राहुल व शमशेर ने 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी होने की बात कही है। वहीं सुभाष ने एक मामले में 22 लाख, दूसरे मामले में 2 लाख, तीसरे में 24 लाख, बारू राम ने 15 लाख रुपये, जयभगवान ने 94 लाख 62 हजार 187 रुपये की ठगी होने की बात कही। कई अन्य लोगों ने 1 करोड़ 55 लाख 50 हजार रुपये का चूना लगाए जाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस मामले में विनोद कुमार, अनीता रानी, विशाल मेहता, नेतराम, ठाकर सिंह, सीनियर बैंक मैनेजर एचडीएफसी बैंक, रोहताश, करणा, हरपाल सिंह, सुनीता, आशा रानी, बलदेव व कुलबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



