
मीरजापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के मुरघुरा गांव निवासी 65 वर्षीय अधेड़ की गुरुवार की शाम पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने आधे घंटे तक लालगंज-कलवारी मार्ग पर जाम लगाए रखा। प्रभारी निरीक्षक लालगंज ज्ञानूप्रिया ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया।

मुरघुरा निवासी राम निहोर (65) पास की बस्ती कठवार गांव में आयोजित सत्संग कार्यक्रम में जा रहा था। उसी दौरान सड़क पर सामने से आ रही पिकअप वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लालगंज ले जाना चाहा लेकिन ग्रामीण विरोध करते हुए शव को एम्बुलेंस से नीचे उतार कर सडक जाम कर दिए। आधा घंटे तक सड़क पर जाम लगाने के बाद मौके पर पहुंची प्रभारी निरीक्षक लालगंज ज्ञानूप्रिया ने ग्रामीणों समझाकर जाम हटावाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

प्रभारी निरीक्षक लालगंज ज्ञानुप्रिया ने बताया कि आजमगढ़ के वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत होने के बाद ग्रामीण सड़क जाम कर रहे थे। उन्हें समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया। शव कब्जे में लेकर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।



