देश
Trending

दस साल में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करना अद्भुत अकल्पनीय : केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 10 साल की छोटी सी अवधि में यह उपलब्धि हासिल करना अद्भुत और अकल्पनीय है।

केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता में कहा कि “गजब ही हो गया, अद्भुत अकल्पनीय, देश में 1300 पार्टियां हैं। उनमें से 6 राष्ट्रीय पार्टियां हैं। उनमें से भी सिर्फ तीन ऐसी पार्टिया हैं, जिनकी 2 या ज्यादा राज्यों में सरकारे हैं, वो हैं भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस। उन्होंने कहा कि आप की विचारधारा के ईमानदारी, देशभक्ति और मानवता तीन स्तंभ है। आप ने दिखा दिया कि कैसे ईमानदारी से चुनाव जीता जा सकता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों को दिल से सलाम जिनकी वजह से आज ‘आप’ राष्ट्रीय पार्टी बनी।

केजरीवाल ने कहा कि जब पार्टी शुरू हुई तो कुछ नहीं था, लेकिन भगवान ने कहां से कहां पहुंचा दिया। इसका मतलब ऊपर वाला देश के लिए हमसे कुछ तो अच्छा करवाना चाह रहा है। आज गौरव का समय है।

उन्होंने कहा कि आज इस खुशी के मौके पर मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की बहुत याद आ रही है, लेकिन वो संघर्ष कर रहे हैं। इन दोनों के खिलाफ इस वक्त सारी राष्ट्रीय विरोधी ताकतें लगी हुई है।केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया का कसूर ये था कि उन्होंने दिल्ली में गरीब लोगों को अच्छी शिक्षा का सपना दिया। वहीं, सत्येंद्र ने अच्छी स्वास्थ्य की सुविधा दी, पर इन दोनों के पीछे सारी राष्ट्रीय विरोधी ताकतें लगा दी गई।

केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली की जनता को दिखा दिया कि कैसे ईमानदारी से चुनाव लड़ा जा सकता है। सरकार सिर्फ इमानदारी से ही चलाई जा सकती है। हमारा सपना देश को नंबर वन पर पहुंचाना है। इस सपने को आम आदमी पार्टी साकार करेगी। केजरीवाल ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग चुनाव में आते थे तो सिर्फ गुंडागर्दी होती थी। एक-दूसरे के लिए बोलते थे, जाति-धर्म पर चुनाव लड़ा जाता था।

केजरीवाल ने कहा कि अब हर जगह दिल्ली के स्कूलों और मोहल्ला क्लिनिक की बात होती है। सारी राष्ट्रीय विरोधी ताकतें पीछे लग गई हैं सबका नंबर आएगा। 8 से 10 महीने के लिए जेल जाने के लिए तैयार रहना, जिसको डर लग रहा है पार्टी छोड़ दें। केजरीवाल ने कहा कि देश में दो तरह की राजनीति चल रही है, एक नेगेटिव और दूसरी पॉजिटिव। हम पॉजिटिव राजनीति करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button