मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना : जिले में लाभार्थियों की संख्या 449 से बढ़कर हुई 601

मेरठ। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत कोरोना काल में अपने माता – पिता को खोने वाले बच्चों को सरकार की ओर से चार हजार रुपए प्रति माह के हिसाब भुगतान किया जा रहा है। 18 साल से ऊपर के बच्चों को 2500 रुपए प्रति माह उनके खाते में मिल रहे हैं। 01 अप्रैल, 2020 से शुरू हुई मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत जिले में अब तक 449 बच्चों को सितंबर, 2022 तक 4000 रुपए प्रति माह के हिसाब से भुगतान हुआ है, अब इन लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 601 हो गई है। इसके अलावा सामान्य योजना में 2500 रुपए प्रति माह पा रहे लाभार्थियों की संख्या भी 312 से बढ़कर 349 हो गई है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार ने बताया – कोविड-19 से प्रभावित और अनाथ हुए बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए महिला कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का संचालन अप्रैल 2020 से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कोविड-19 महामारी के कारण जोखिम में आने वाले ऐसे सभी बच्चे, जिनके माता या पिता या दोनों की कोरोना संक्रमण के कारण मृत्यु हुई है, उनको प्रतिमाह चार हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है।
उन्होंने बताया – इस योजना का लाभ 18 वर्ष तक की उम्र तक के ऐसे सभी बच्चों को मिल रहा है, जिनके माता-पिता, दोनों की मृत्यु कोरोना संक्रमण के चलते हुई थी या जिनके माता या पिता में से एक की मृत्यु एक मार्च 2020 से पूर्व हो गई थी और दूसरे की मृत्यु महामारी के दौरान हो गई थी। ऐसे सभी बच्चों को योजना का लाभ मिल रहा है। 10 वर्ष तक की आयु के बच्चों के वैध संरक्षक के बैंक खाते में चार हजार रुपये प्रतिमाह की धनराशि दी जा रही है, बशर्ते औपचारिक शिक्षा के लिए उनका पंजीयन किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कराया गया हो।

उन्होंने बताया मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य के तहत जिले में 312 लाभार्थियों को 2500 रुपये प्रतिमाह उनके खाते में डाले जा रहे हैं । सितम्बर, 2022 तक योजना का लाभ दिया जा चुका है। बजट आने पर आगे के महीनों का भुगतान किया जाएगा। बाल संरक्षण अधिकारी दीपिका भटनागर ने बताया कि दोनों योजना में लाभार्थियों की संख्या में वृद्घि हो गयी है। पहली योजना में लाभार्थियों की संख्या 449 से बढकर 601 हो गयी है। जबकि दूसरी योजना में लाभार्थियों की संख्या 312 ये बढकर 349 हो गयी है। इसमें से 105 बच्चों को जनवरी माह में यूपी दिवस के अवसर पर लैपटॉप का वितरण किया गया था।




