रायबरेली में कुल्हाड़ी से भाई की हत्या, शक के घेरे में बहन

रायबरेली। नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक किशोर की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का शक बहन पर जा रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम भेजकर पुलिस सभी बिन्दुओं पर तहकीकात कर रही है।

नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित गोस्वापुर गांव में इंद्रपाल पासी अपने सयुंक्त परिवार के साथ रहता है। उसने बताया कि रोजाना की तरह रविवार की देर रात को उसका बेटा प्रांशु (12) अपनी बड़ी बहन के साथ कमरे में सो रहा था।

सोमवार की सुबह पांच बजे के दरमियान पुत्री की चीख सुनकर सभी लोग जगे और कमरे में पहुंचे तो देखा कि प्रांशु का शव खून से सराबोर बिस्तर पर पड़ा हुआ था। सूचना पर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी और कोतवाली प्रभारी मय फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच कर नमूने एकत्र किए। पूछताछ में बहन ने बताया कि भाई उसके साथ सो रहा था। घटना के समय वह अचेत हो गई थी। प्रांशु के साथ क्या घटना हुई इसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है।
एसपी ने बताया कि सभी बिन्दुओं पर जांच की गई है कि किन परिस्थितियों में दरवाजा खुला और किन कारणों से यह हत्या हुई। जिस कुल्हाड़ी से बालक की हत्या की गई वो कमरे में पहले से ही रखी थी। कुल्हाड़ी को भी कब्जे में लिया गया है। शक के घेरे में आई बड़ी बहन से पुलिस पूछताछ कर रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



