मथुरा में 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

मथुरा। जनपद में बीती एक फरवरी को पुलिस टीम पर हमला करने वाले वांछित बदमाशों के साथ शुक्रवार की देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दोनों बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक देहात त्रिगुण बिसेन और क्षेत्राधिकारी गोवर्धन राममोहन शर्मा ने शनिवार पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि दो इनामी बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभियुक्त नरेश और नरेन्द्र उर्फ रमुआ पुलिस की गोली से घायल हैं। दोनों बदमाश 25-25 हजार रुपये का इनाम है। इनके कब्जे से महिला से लूटे हुए आभूषण बरामद हुए हैं।

एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि एक फरवरी की रात सोनगांव की एक महिला भैंस को चारा डालने जा रही थी। रास्ते में नशे में धुत कुछ युवकों ने महिला से छेड़छाड़ की और गले से मंगलसूत्र छीन लिया। विरोध करने पर जानलेवा हमला किया। महिला अपने परिजन और मगोर्रा थाना पुलिस को लेकर आरोपित युवकों के घर गांव बंडपुरा पहुंची। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में महिला, एसआई उदयवीर मावी, एसआई संतोष कुमार, सिपाही ब्रजेश कुमार और सिपाही महेंद्र घायल हो गए थे। एक हमलावर ने सिपाही महेंद्र से पंप एक्शन गन भी छीन ली थी।
इस दुस्साहसिक घटना को लेकर एसएसपी ने सख्त एक्शन लिया और आरोपितों की तलाश के लिए सात टीमें लगाई गई थी। उन्होंने फरार वांछितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। देर रात को पुलिस ने इन दोनों वांछितों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।



