मेरठ में सिरफिरे ने युवती पर तेजाब फेंकने की दी धमकी; पीड़िता बोली- दोस्तों संग करता है गलत हरकत

मेरठ। मेरठ में एक युवती सिरफिरे से परेशान है। सिरफिरा न केवल छेड़छाड़ कर रहा है, बल्कि तेजाब डालने की धमकी भी दे रहा है। पीड़िता ने थाना और सीओ की चौखट पर अपनी फरियाद रखी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई तो एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद नौचंदी पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
ये पूरा मामला मेरठ के नौचंदी इलाके के शास्त्रीनगर का है। लड़की अपनी ताई के परिवार के साथ रहती है। प्राइवेट जॉब करके अपना जीवन चला रही है। लड़की ने अपनी ताई और परिवार को बताया कि पड़ोस में रहने वाला सचिन पुत्र रोहताश काफी दिन से उसे परेशान कर रहा है। युवक आते-जाते छेड़ता है। कमेंट्स करता है। अपने दोस्तों के साथ मिलकर कई बार उससे गलत हरकत कर चुका है। बार-बार उस पर शादी का दबाव बनाता है।
पड़ोस का मामला होने के कारण युवती की ताई और परिजन युवक के घर जाकर उसके परिजनों को सारी बात बताई उसे समझाया। इस पूरी घटना से युवक गुस्से में आ गया और दूसरे दिन उसने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर युवती को खींचने का प्रयास किया। इस पर युवती ने शोर मचाया। तो वो लड़के उसे छोड़कर भाग गए। 11 मार्च को बर्थडे के दिन उठवा लूंगा
युवती की ताई ने पुलिस को बताया कि अब उस लड़के ने पड़ोस के एक दूसरे लड़के को कॉल करके युवती को धमकी दी है कि अगर वो उससे शादी के लिए हां नहीं करेगी तो वो उसे 11 मार्च को उसके बर्थडे के दिन घर से उठवा लेगा। उठवाकर उसका चेहरा तेजाब से जला देगा। बाद में उसकी गोली मारकर हत्या कर देगा। इतना ही नहीं उसने युवती के भाई को भी जान से मारने की धमकी दी है।


