जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर सरकार बयान दे: अधीर रंजन चौधरी
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी वारदातों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से वहां के हालात पर एक बयान देने की मांग की।

नयी दिल्ली। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी वारदातों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से वहां के हालात पर एक बयान देने की मांग की।
श्री चौधरी ने लोकसभा में शून्य काल के दौरान कश्मीर में आतंकवादियों की ओर से निर्दोष लोगों की आये दिन की जाने वाली हत्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की स्थिति पर सरकार को एक बयान तो देना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने कश्मीरी पंडितों की सूची तैयार की है और वे उन्हें निशाना बना रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा लिये जाने के बाद हालात बेहतर हो जायेंगे, लेकिन वहां आतंकवादी घटनायें निरंतर जारी है और निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं। खासकर कश्मीरी पंडितों को वहां से भगाने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि इसे देखते हुए सरकार को जम्मू-कश्मीर के स्थिति पर एक बयान देना चाहिए और सदन में इस पर चर्चा भी करायी जानी चाहिए।




