delhi
Trending

BJP ने आप को बताया दिखावटी पार्टी, कहा- केजरीवाल पाक के खिलाफ साध लेते हैं चुप्पी

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने रविवार को आम आदमी पार्टी(आप) को ‘‘दिखावटी पार्टी” करार दिया और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर राष्ट्रवाद की आड़ में ‘‘अवसरवाद की राजनीति” करने का आरोप लगाया।

भाजपा की प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल राष्ट्रवाद को बढ़ावा देते हैं लेकिन संयुक्त राष्ट्र की बैठक में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की ‘अभद्र और अपमानजनक’ टिप्पणी पर उनकी चुप्पी ‘राजनीति से प्रेरित’ है।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राष्ट्रवाद की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले केजरीवाल जब अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के प्रति पाकिस्तान की अभद्र टिप्पणी पर चुप रहते हैं तो साफ हो जाता है कि उनका राष्ट्रवाद कितना खोखला है। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अरूणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारत और चीन के सैनिकों के बीच झड़प को लेकर रविवार को नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए केंद्र से देश के सैनिकों के लिए ‘‘कुछ दम और सम्मान” दिखाने को कहा।

पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि सीमा पर चीनी आक्रामकता बढ़ रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार कहती है, ‘‘सब कुछ ठीक है।”

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राष्ट्रीय सम्मेलन में केजरीवाल ने आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने को अपनी पार्टी की विशेष उपलब्धि बताया। लेकिन सच्चाई यह है कि आजादी के बाद बनी राजनीतिक पार्टियों में भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो अपने गठन के दिन ही राष्ट्रीय पार्टी बन गई थी।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ बहुजन समाज पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस, नेशनल पीपुल्स पार्टी को अपनी स्थापना के कुछ वर्षों के भीतर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल गया, जबकि आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनने में 10 साल लग गए।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button