फलावदा (मेरठ)। नगर पंचायत के तत्वावधान में कस्बे की जनता को सफाई के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वच्छ भारत अभियान – 2023 के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक अभियान का शुभारंभ किया गया । दर्पण कला केंद्र नाट्य संस्थान मेरठ के द्वारा स्वच्छ भारत अभियान पर आधारित विनोद कुमार बेचैन द्वारा लिखित एवं शहजाद खान द्वारा निर्देशित नुक्कड़ नाटक – यह भी एक सच है * का कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में मंचन किया गया तथा कस्बे की जनता से अपील की गई कि कस्बे को साफ सुथरा बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें । नुक्कड़ नाटक अभियान का शुभारंभ करते हुए कस्बे के चेयरमैन अब्दुस समद एवं अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह के द्वारा सभी क्षेत्र वासियों से अपील की गई की प्रधानमंत्री जी के द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन में अपना सहयोग देकर कस्बे को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग प्रदान करें ।आज कस्बे के मोहल्ला अम्बेडकर, पुराना बस स्टैंड, बातनौर रोड, बंजारा बस्ती एवं पैंठ बाजार आदि स्थानों पर नुक्कड़ नाटक अभियान चलाया गया । नुक्कड़ नाटक में दिखाया गया कि किस तरह से मानव स्वयं गंदगी फैला कर गंदगी को बढ़ाने का काम करता है । नाटक के माध्यम से गंदगी से होने वाली बीमारियों एवं दुष्प्रभाव का भी चित्रण दिखाया गया । नाटक में शहजाद खान गौरव मेहरौल , दिनेश चौहान ,अमित गौतम ,शकील अहमद ,विजय कुमार एवं अमन गर्ग आदि ने विभिन्न किरदारों के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान का संदेश दिया । इस अवसर पर सहायक सफाई नायक एहसान सैफी एवं अन्य कर्मचारी गण नाटक टीम के साथ रहे ।


