मुस्लिम धर्म अपनाने वाले 80 लोग फिर बने हिंदू, 12 साल पहले आजम खान ने बनाया था मुसलमान
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार की देर शाम तकरीबन दर्जनभर परिवार के 80 सदस्यों ने इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में घर वापसी की है।
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार की देर शाम तकरीबन दर्जनभर परिवार के 80 सदस्यों ने इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में घर वापसी की है। दरअसल रामपुर जनपद निवासी धोबी समाज से दलित वर्ग के दर्जनभर परिवार के लगभग 80 सदस्यों को रविवार की देर शाम बघरा ब्लॉक स्थित योग साधना आश्रम के महाराज यशवीर जी द्वारा गंगाजल से शुद्धिकरण कराकर, सभी के गले में जनेऊ धारण कर, गायत्री मंत्र उच्चारण के साथ यज्ञ में आहुति डलवा कर इन सभी लोगों की इस्लाम धर्म से हिंदू धर्म से वापसी कराई गई है।

आपको बता दें कि इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में वापसी करने वाले रामपुर जनपद के निवासी इन लोगों ने आजम खान पर आरोप लगाते हुए कहा है कि 12 वर्ष पूर्व आजम खान के द्वारा जबरन हिंदू धर्म से उनका धर्म परिवर्तन करा कर मुस्लिम बनवाया गया था। आरोप यह भी है कि जिसके बाद इन लोगों की जमीन जायदाद भी आजम खान के गुर्गों द्वारा हड़प ली गई थी। जिससे परेशान होकर आज 12 साल बाद इन सभी लोगों ने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में घर वापसी की है।

इस दौरान इमराना से कविता बनी एक महिला ने बताया कि 12 साल पहले आजम खान के आदमियों ने हमारा धर्म परिवर्तन कराया था। उन्होंने हमारे साथ कुछ अच्छा नहीं किया हम परेशान थे। आजम खान के दबाव में ही हमारा धर्म परिवर्तन कराया गया था और हमें हिंदू से मुसलमान बनाया गया था। जिसके बाद उन्होंने हमारी जमीन भी छीन ली थी, बहुत लोगों के साथ उन्होंने ऐसा ही किया है।
वहीं हरजाना से सविता बनी महिला ने बताया कि पहले वह सविता ही थी लेकिन आजम खान के दबाव में हम मुसलमान बन गए थे। हमारी जमीन जायदाद भी छीन ली गई।आजम खान की वजह से लाखों लोग परेशान हुए हैं। जबरदस्ती हमें मुसलमान बनाया गया दुनिया को सताने की वजह से आजम खान जेल गए अब हम अपने लोगों में आकर बहुत खुश हैं।

