हापुड़। हर ग्राम में सम्पूर्ण स्वच्छता की अलख जगाएं। इसके लिए लोगों को व्यक्तिगत रूप से और सामुदायिक रूप से प्रेरित करें। स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2023 में हापुड़ का शानदार प्रदर्शन होना चाहिए। यह विचार जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर बुलाई गई बैठक में कही और इसके लिए सभी को युद्ध स्तर पर पूरे मनोयोग के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम स्तरीय मूल्यांकन एवम सहभागी आंकलन का कार्य 20 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य दिया। शासन और जल शक्ति मंत्रालय की ओर से दिसंबर के अंत तक इसे पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्रामों का स्व मूल्यांकन 500 अंकों का है। इसमें 100 अंक प्रचार प्रसार, क्षमता वर्धन और समग्र स्वच्छता पर है। इसी तरह 150 अंक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और 150 अंक ग्रे वाटर प्रबंधन पर है। 100 अंक मलीय प्रबंधन पर है। स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रथम चरण के बाद दूसरा चरण प्रारंभ होगा। दूसरे चरण में एमआईएस और डायरेक्ट आबजरवेशन पर होगा। स्वच्छ सर्वेक्षण पर रणनीति बनाने की बैठक में तीनो डी सी प्रीति काला, गोपाल राय, अपार गहलौत, सभी खंड प्रेरक और कम्प्यूटर आपरेटर मौजूद रहे।


