delhi
Trending

‘दिल्ली का लड़का’ कार्टून सीरीज से भाजपा अपने काम का करेगी बखान और सीएम केजरीवाल की खोलेगी पोल

भाजपा दिल्ली एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी पर हमला करने का एक नया हथियार लेकर आई है। अब उसने एक कार्टून सीरीज 'दिल्ली का लडका' सीरीज शुरू की है। जिसके जरिए वह एमसीडी के अपने कार्यों को बताएगी तो आप के दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के प्रचार और कामों की पोल खोलेगी।

अब इंतजार खत्म होता जा रहा है। चार दिसंबर करीब आ रहा है। चार दिसंबर को दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए वोटिंग पड़ेगी। प्रचार के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच एक युद्ध जैसा माहौल बन रहा है। प्रचार में न तो भाजपा कम है न ही आप। वीडियो फिर पोस्टर के बाद अरविंद केजरीवाल सरकार की ‘विफलताओं को उजागर’ करने के मकसद से भाजपा ने एक कार्टून सीरीज ‘दिल्ली का लडका’ सीरीज शुरू की है। ‘दिल्ली का लडका’ कार्टून सीरीज के माध्यम से भाजपा दिल्ली की जनता को जहां अपने कार्यों के बारे में बताएगी वहीं केजरीवाल के चुनावी प्रचार को उजागर करेगी। इस कार्टून सीरीज को वायरल करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रयोग किया गया है। दिल्ली एमसीडी चुनाव में 250 वार्डों के लिए वोटिंग होगी।

एमसीडी चुनाव प्रबंधन समिति प्रमुख आशीष सूद ने बताया कि, आम आदमी पार्टी के पेड अभियान के जवाब में भाजपा की ये क्रिएटिव कार्टून सीरीज दिल्ली के लोगों को बताएगी कि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले आठ साल में क्या कुछ हुआ है। आशीष सूद ने सीएम अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि, बीते आठ साल से वह अपने ‘प्रचार’ से दिल्ली की जनता को ‘धोखा’ दे रहे हैं।
आशीष सूद ने आगे बताया कि, इस अभियान के माध्यम से दिल्ली की जनता को मालूम हो जाएगा कि सीएम केजरीवाल ने झुग्गीवासियों को घर देने का अपना वादा पूरा नहीं करके उन्हें धोखा दिया है। जबकि पीएम नरेंद्र मोदी ने जो भी वादा किया है, उसे पूरा किया है।

आशीष सूद का दावा है कि, पीएम नरेंद्र मोदी ने झुग्गियों में रहने वाले 3 हजार 24 परिवारों को पक्के मकानों की चाबियां सौंपी हैं। अभियान इस बात पर भी प्रकाश डालेगा कि, कोरोना काल में कैसे निगम कर्मियों ने अपनी जान को जोखिम में डालकर दिल्ली की जनता की सेवा की।

 

आशीष सूद ने आगे बताया कि, क्रिएटिव कार्टून सीरीज यह जागरूकता भी फैलाएगा कि कैसे तीन करोड़ से अधिक मुफ्त टीके देकर पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली और देश की जनता को कोविड-19 महामारी से बचाया।

दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए आशीष सूद ने कहा कि, आम आदमी पार्टी को सिर्फ भ्रष्टाचार की परवाह है। भाजपा लोगों की सेवा करती है और आगे भी करती रहेगी। अभियान में दिखाया जाएगा कि, कैसे जेल में बंद आम आदमी पार्टी के मंत्री सत्येंद्र जैन ने मालिश कराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button