सीएम योगी आज 1821 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
पहले दिन सीएम योगी गोरखपुर में वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज में होने वाले कार्यक्रम में शहर के बड़े हिस्से को जलभराव और जाम दिक्कतों से निजात दिलाने वाली चार बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

दो दिवसीय दौरे पर रविवार को गोरखपुर आ रहे सीएम योगी आदित्यनाथ 1821 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। पहले दिन वह वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कालेज में होने वाले कार्यक्रम में शहर के बड़े हिस्से को जलभराव और जाम जैसी दिक्कतों से निजात दिलाने वाली चार बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। जबकि सोमवार को सामूहिक विवाह समारोह में शिरकत करेंगे और नव दंपतियों को आशीर्वाद देंगे।

दौरे के पहले दिन रविवार की शाम को स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री योगी गोड़धोइया नाला, गोरखपुर सीवरेज योजना जोन सी पार्ट टू, खजांची फ्लाईओवर और भटहट-बांसस्थान मार्ग फोरेलेन प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद यहां उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित भी करेंगे। जिला प्रशासन के साथ ही सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग तैयारियों में जुटे हैं। डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। अफसरों को उनकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। कार्यक्रम में कहीं कोई चूक न हो इसके लिए अफसरों लगातार निगाह बनाए रखने के लिए कहा गया है।




