मुख्यमंत्री जी! सात दिसंबर को मेरा निकाह है, सड़क बनवा दीजिए, प्रयागराज की बेटी ने ट्विटर पर लिखी भावुक चिट्ठी
प्रयागराज की एक बेटी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ट्विटर पर चिट्ठी लिखकर अपने मोहल्ले की सड़क बनवाने का अनुरोध किया है। लड़की का 7 दिसम्बर को निकाह होना है। उसने CM को शादी का कार्ड भी भेजा है।

प्रयागराज की एक बेटी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ट्विटर पर चिट्ठी लिखकर अपने मोहल्ले की सड़क बनवाने का अनुरोध किया है। लड़की का सात दिसम्बर को निकाह होना है। बता दें कि सीएम योगी ने प्रदेश की सड़कों को दुरुस्त करने का आदेश दे रखा है। ऐसे में प्रयागराज की इस बेटी ने सीएम को ट्विटर पर भावुक खत लिख अपने मोहल्ले की सड़क बनवाने और गंदगी दूर कराने की गुजारिश की है।

शहर के धूमनगंज इलाके के अबुबकरपुर के रहने वाले अता अफजल की बेटी नुकुश ने सीएम को ट्विटर पर पत्र के साथ अपनी शादी का कार्ड भी भेजा है। नुकुश ने लिखा है कि सात दिसंबर को मेरी शादी है। इसमें आप सादर आमंत्रित हैं। कृपया मेरे मोहल्ले की सड़क बनवा दीजिए जिससे आपको और बाकी मेहमानों को आने में असुविधा न हो।

अबूबकरपुर की रहने वाली नुकुश का निकाह लखीमपुर खीरी में हो रहा है। बारात सात दिसंबर को आएगी। नुकुश ने पत्र में लिखा है कि उसके घर की तकरीबन 200 मीटर सड़क पूरी तरह खराब है। यही नहीं घर के पास जो मैदान है वहां मेहमानों के लिए खाना और शादी का इंतजाम होना है। उस मैदान में कूड़े का अंबार लगा है। एक तो सड़क खराब होने की वजह से बारात आने में दिक्कत होगी दूसरे गंदगी का अंबार डेंगू समेत अन्य बीमारी फैला सकता है।



