
सरधना (मेरठ)। 20 दिन पूर्व डायरिया फैलने के बाद से मोहल्ला मंडी चमारान के.लोग अब पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। नई पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति तो शुरू हो गई, लेकिन कम प्रेशर के चलते लोगों को पानी नहीं मिल रहा। प्रेशर बढ़ाने के लिए पालिका अधिकारियों ने हर जतन कर लिया, लेकिन समस्या का समाधान होता नहीं दिख रहा है। मोहल्ले के बंद हुए नलकूपों चलाया जाए तो समस्या का समाधान हो सकता है। लेकिन पालिका की और से ऐसा नहीं किया जारहा है।

बता दें कि मोहल्ला मंडी चमारान में दूषित पानी के चलते डायरिया की बीमारी फैल गई थी जिसकी चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो चुकी है। डीएम के आदेश पर मोहल्ले के बाहर लगे दो नलकूपों के पानी की आपूर्ति बंद करदी गयी थी। अब नई पाइपलाइन बिछाई गई है जिसकी सप्लाई नाज सिनेमाघर के पीछे स्थित नलकूप से जोड कर शुरू की गयी। उस नलपकूप से पानी की आपूर्ति तो शुरू हो गई, लेकिन प्रेशर कम होने के कारण लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। पिछले तीन दिनों से यह परेशानी बनी हुई है। नगर पालिका अधिकारी प्रेशर बढ़ाने का हर सम्भव प्रयास कर चुके है लेकिन समाधान नहीं हो पाया।

उधर, जब इस बारे में पालिका अध्यक्ष सबीला अंसारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनकी तरफ से हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है। पानी की समस्या बड़ी समस्या है। जल्द से व जल्द इसका समाधान कराया जाएगा। उनका प्रयास है की मोहल्ले के आसपास दूसरा नलकूप चालू कराकर समस्या का समाधान किया जा रहा है।

