अभिनेत्री पीहू पाल ने मांगे घर—घर वोट
रियल कैंडिडेट और रील कैंडिडेट को पहचानना हुआ मुश्किल
बागपत। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की थीम पर आधारित हिन्दी फीचर फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेत्री पीहू पाल ने खेकड़ा में घर—घर जाकर वोट मांगे और कैमरामैन उन्हें कैमरे में कैद करते हुए शूटिंग के दृश्य दर्शाता चला गया। लोगों को पता ही नहीं चला कि यह फिल्म की शूटिंग है।

इसी दौरान एक असली कैंडिडेट से टक्कर होने पर अभिनेत्री पीहू पाल ने असली कैंडिडेट के साथ मिलकर भी वोट मांगे और एक अन्य घटनाक्रम में तो एक कैंडिडेट ने एक सभा में अभिनेत्री पीहू पाल को समर्थन देकर स्वयं चुनाव न लड़ने का फैसला किया। बाद में उसे पता चला कि यह रियल नहीं वरन रील की चुनावी कैंडिडेट थी। इस फिल्म का निर्देशन सावन वर्मा कर रहे हैं।
आर्यखंड टेलीविजन प्राइवेट लिमिटेड एवं धामा फिल्म्स इंटरनेशनल द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म महिला बलिदानी वीरांगना सौम्या आर्य के जीवन पर आधारित बायोपिक है, जिसने संघर्ष करते हुए उच्च शिक्षा प्राप्त की और बाद में शिक्षण संस्थानों की स्थापना की, लेकिन रूढ़िवादी लोगों ने उसकी जान ले ली थी। फिल्म के लेखक भौतिकशास्त्री एवं वयोवृद्ध आर्य विद्वान तेजपाल सिंह फोगट हैं। फिल्म के निर्माता तेजपाल सिंह धामा, दीपक कुमार एवं आविष्कार आर्य हैं। वंदना वाजपेयी, अनूप जलोटा के स्वरों से सजी इस फिल्म के गीतकार पवन यदुवंशी हैं। कैमरामैन कन्हैया कुमार के क्लिक से शूट हो रही इस फिल्म की शूटिंग खेकड़ा के अलावा दिल्ली, हापुड, ऋषिकेश एवं बृजघाट पर होगी।
फिल्म में वीरांगना सौम्या आर्य की भूमिका अभिनेत्री पीहू पाल निभा रही हैं एवं नायक की भूमिका में मनीष अग्रवाल हैं। अन्य महत्वपूर्ण कलाकारों में लीलू प्रधान कैडवा, पूनम चौधरी, मनीष अग्रवाल, सुशांत वर्मा, मधु झा,शताक्षी राजपूत, अजय कुबेर इत्यादि हैं। इससे पहले धामा फिल्म्स एवं आर्यखंड टीवी प्राइवेट लिमिटेड रामप्रसाद बिस्मिल एवं घर चलो ना पापा नामक दो फिल्म का निर्माण कर चुका है। फिल्म 26 जनवरी 2023 को रिलीज की जा सकती है।


