सहारनपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर सर्किट हाउस में गूंजी उपलब्धियां

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के नौ वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जनपद के सर्किट हाउस में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली उपलब्धि को बेमिसाल बताते हुए आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह और राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी विशेष रूप से सम्मिलित हुए। दोनों मंत्रियों ने इस दौरान सरकार की नौ वर्षों की विकास यात्रा और धरातल पर उतरे बदलावों का विस्तृत ब्यौरा जनता के सम्मुख रखा।
सुरक्षा और विकास के नए युग का दावा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्रियों ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति अत्यंत चिंताजनक थी। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर प्रहार करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में अराजकता, लूट-खसोट, दंगे और माफियागिरी अपने चरम पर थी जिससे आम जनमानस में भय का वातावरण था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद प्रदेश ने विकास की नई इबारत लिखी है। आज उत्तर प्रदेश माफिया मुक्त और भयमुक्त राज्य के रूप में अपनी पहचान बना चुका है जहाँ कानून का राज स्थापित है।

आधारभूत ढांचे और रोजगार पर विशेष जोर
उपलब्धियों का बखान करते हुए मंत्रियों ने बताया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश ‘वन जिला वन प्रोडक्ट’ और ‘वन जिला वन मेडिकल कॉलेज’ जैसी क्रांतिकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में आज न केवल सुरक्षा का वातावरण है बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर भी सृजित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का सपना भी पूरी तरह साकार होगा।
अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हुआ उत्तर प्रदेश
नेताओं ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता है जहाँ बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार हुआ है। प्रदेश की प्रगति की रफ्तार को देखते हुए यह स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकलकर विकास का इंजन बन चुका है। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे जिन्होंने सरकार के इस नौ वर्षीय कार्यकाल की सराहना की।



