मुजफ्फरनगर: युवती से पर्स छीनकर भाग रहा शातिर लुटेरा गिरफ्तार, पुलिस ने चंद घंटों में बरामद किया माल

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित व्यस्त आनंद भवन बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवती से पर्स लूटने की सनसनीखेज वारदात सामने आई। हालांकि पुलिस की तत्परता के चलते आरोपी शातिर लुटेरे को कुछ ही घंटों के भीतर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने लूटा गया पर्स और उसमें रखी नकदी समेत अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।
बाजार में हाथ की सफाई दिखाकर फरार हुआ था लुटेरा

पीड़िता मुस्कान जब आनंद भवन बाजार में खरीदारी कर रही थी, तभी अज्ञात लुटेरे ने बेहद शातिराना अंदाज में उसके हाथ से पर्स छीन लिया और भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया। पर्स में दो हजार रुपये की नकदी, आधार कार्ड और कुछ व्यक्तिगत तस्वीरें मौजूद थीं। पीड़िता ने बिना देरी किए कोतवाली नगर में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संज्ञान लेते हुए कोतवाली प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।

सटीक सूचना पर चरथावल बस स्टैंड के पास से दबोचा
कोतवाली प्रभारी बबलू कुमार वर्मा के कुशल नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी चरथावल बस स्टैंड के पीछे कहीं छिपने की फिराक में है। इस जानकारी पर आबकारी चौकी प्रभारी शशि कपूर और कांस्टेबल कप्तान सिंह ने घेराबंदी करते हुए आरोपी सन्नी बालियान पुत्र जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया पर्स बरामद हुआ, जिसमें 1860 रुपये नकद, आधार कार्ड और फोटो सुरक्षित मिले।
चार मुकदमों में वांछित शातिर अपराधी है सन्नी बालियान
पुलिस की पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि गिरफ्तार सन्नी बालियान एक अभ्यस्त और शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर पहले से ही विभिन्न थानों में चोरी और लूट के चार गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार जेल की हवा खा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। बाजार में हुई इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय व्यापारियों और जनता ने सराहना की है।



