देश

योगी सरकार का तोहफा : एडेड माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों-कर्मचारियों की ग्रेच्युटी राशि 20 से 25 लाख हुई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। जारी शासनादेश के अनुसार इन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों व कर्मचारियों को अब सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली ग्रेच्युटी राशि की अधिकतम सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गयी है।

16 मार्च काे जारी शासनादेश के अनुसार यह बढ़ी हुई सीमा उसी स्थिति में लागू हो सकेगी जब महंगाई भत्ता डीए मूल वेतन का 50 फीसदी हो जाएगा। ऐसा होने से अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय अधिक आर्थिक लाभ होगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 जारी शासनादेश के अनुसार वेतन समिति उत्तर प्रदेश 2016 की सिफारिशों को लागू कर इन विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों के पेंशन, ग्रेच्युटी और पारिवारिक पेंशन से जुडे प्राविधानों में बदलाव किया गया था और उस समय व्यवस्था की गयी थी कि 60 साल की आयु तक सेवानिवृत्ति या ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख रुपये से अधिक नहीं होगी।

माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट के प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी ने मंगलवार काे बताया कि यह सुविधा राज्य कर्मचारियों को पहले से थी लेकिन अब सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलेगी। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों के लगभग 50 हजार शिक्षक व कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button