कटघोरा में दिनदहाड़े 2 लाख की चोरी: बैंक से निकली रकम बाइक की डिक्की से पार, बदमाश कैमरे में कैद

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में आज मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। बैंक से निकाली गई 2 लाख की रकम को अज्ञात बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में बाइक की डिक्की से पार कर दिया। घटना बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने की है और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता सुरेश कुमार शर्मा बैंक से 2 लाख निकालकर बाहर आए थे। उन्होंने रकम अपनी बाइक की डिक्की में रखी ही थी कि पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही अधिवक्ता का ध्यान कुछ पल के लिए हटा, दो युवक सक्रिय हुए और डिक्की खोलकर नकदी लेकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि आरोपित एक बाइक पर सवार होकर आए थे और दोनों ने हेलमेट पहन रखा था ताकि पहचान छिपी रहे। पीछे बैठे युवक ने फुर्ती दिखाते हुए डिक्की खोली, जबकि चालक बाइक स्टार्ट रखकर तुरंत मौके से भाग निकला। पूरी घटना महज कुछ सेकंड में अंजाम दी गई।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान में जुटी है।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि, “घटना की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।”
पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद अतिरिक्त सावधानी बरतने, वाहन को अकेला न छोड़ने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।



