जौनपुर में लॉ छात्र की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी से बातचीत को लेकर पट्टीदार ने उतारा मौत के घाट; आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर। यूपी के जौनपुर में चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में रविवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक लॉ (विधि) छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पट्टीदार ने उसे धोखे से बुलाकर वजनी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान 30 वर्षीय सच्चिदानंद मिश्र के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात करीब एक बजे मुख्य आरोपी विष्णु मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।परिजनों के मुताबिक सच्चिदानंद का अपने पट्टीदारों से काफी समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि 12 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे जब सच्चिदानंद रतनपुर बाजार जा रहे थे, तब आरोपी ने फोन कर गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इस धमकी की कॉल रिकॉर्डिंग भी मृतक के पास मौजूद बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि रविवार रात आरोपी पक्ष ने सच्चिदानंद को बुलाकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।इस मामले में सोमवार को जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि मृतक आरोपी की पत्नी से फोन पर बातचीत करता था, जिसे लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गांव में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




