मुजफ्फरनगर: एक करोड़ की लागत से बने आरोग्य पथ पर पथराव का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मेरठ रोड पर जिलाधिकारी आवास के ठीक सामने नगर के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से बनाए गए महर्षि सुखदेव आरोग्य पथ पर कुछ शरारती तत्व तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ कम उम्र के लड़के पथ पर पत्थरबाजी कर रहे हैं जिससे वहां लगी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है।
सौंदर्यीकरण के लिए खर्च हुए थे एक करोड़ रुपये मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा इस आरोग्य पथ का निर्माण लगभग एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से कराया गया था। मेरठ रोड स्थित इस मार्ग पर स्थानीय निवासियों के लिए एक्सरसाइज जोन और बच्चों के लिए किड्स जोन बनाकर इसका सुंदरीकरण किया गया था। गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व ही उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भव्य समारोह के बीच इस पथ का शुभारंभ किया था।

देर रात हुई तोड़फोड़ की घटना वायरल वीडियो ग्यारह मार्च की देर रात का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी आवास के इतने करीब होने के बावजूद शरारती तत्वों द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर इन युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

एएसपी ने कहा होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई इस मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ गया है। शुरुआती जांच में यह घटना एमडीए और डीएम आवास के सामने बने पथ की पाई गई है। वीडियो में कुछ कम उम्र के युवक तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं हालांकि अभी तक किसी से मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। एएसपी ने स्पष्ट किया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



