देश

मध्य प्रदेश में मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी, मालवा-निमाड़ में पारा 38 डिग्री पार, रेगिस्तानी हवाओं से बढ़ी तपन

भोपाल । मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। महीने के पहले पखवाड़े में ही तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी मालवा-निमाड़ क्षेत्र यानी इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में दर्ज की जा रही है। शनिवार को इन इलाकों में तापमान 38 डिग्री से ऊपर रहा और दिनभर ‘लू’ जैसी तपन महसूस की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्रों से आ रही गर्म हवाओं का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे धूप की तीव्रता भी बढ़ेगी। इन दिनों हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। हवा में नमी काफी कम है और यह राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से होकर मध्य प्रदेश पहुंच रही है। इसके कारण अपने साथ गर्मी भी ला रही है, जिससे मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का असर तेज हो गया है। रविवार को रंगपंचमी के दिन भी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी रहने का अनुमान है।

रतलाम सबसे गर्म, पारा 38 डिग्री से ऊपर

शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रतलाम में 38.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद धार में 38.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 37.6 डिग्री, सागर में 37.2 डिग्री और गुना में 37 डिग्री तापमान रहा। पांच प्रमुख शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 36.5 डिग्री दर्ज हुआ। इंदौर में 36.4 डिग्री, भोपाल में 35.2 डिग्री, ग्वालियर में 35.7 डिग्री और जबलपुर में 34.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मार्च में बदला गर्मी का ट्रेंड

आमतौर पर प्रदेश में तेज गर्मी 15 मार्च के बाद देखने को मिलती है, लेकिन इस बार मौसम का ट्रेंड बदल गया है। दूसरे पखवाड़े के बजाय महीने की शुरुआत में ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में मार्च के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश का तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button