मुजफ्फरनगर में सड़क पर पानी डालने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, वीडियो वायरल

मुजफ्फरनगर। जनपद के ककरौली थाना क्षेत्र के चोरवाला गांव में गुरुवार सुबह मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. सड़क पर पानी डालने के विवाद में एक ही समाज के दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है.

बच्चों के विवाद ने पकड़ा तूल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत छोटे बच्चों के बीच सड़क पर पानी डालने को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी. बच्चों का यह झगड़ा जब बड़ों तक पहुँचा, तो दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे. आरोप है कि एक पक्ष के लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही ककरौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. क्षेत्राधिकारी (सीओ) भोपा, देवव्रत वाजपेई ने बताया कि इस हमले में एक महिला घायल हुई है. पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए एक पक्ष के दो लोगों को हिरासत में ले लिया है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मारपीट का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से प्रहार करते साफ नजर आ रहे हैं. पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. मामले में तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है.



