देश

मध्‍य प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज, आधे प्रदेश में आंधी-बारिश, कई जिलों में गिरे ओले

भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी है। करीब आधे हिस्से में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला। उज्जैन, मंदसौर सहित कई जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से अगले तीन दिन तक कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन 23 और 24 फरवरी को फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर से मध्‍य प्रदेश का मौसम बदला है। जिसके कारण बुधवार और गुरुवार को बारिश और ओलावृष्टि हुई। गुरुवार को प्रदेश के ऊपर टर्फ और वेस्टर्न डिस्टरबेंस की सक्रियता बनी रही। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं ने गर्मी के असर को कम कर दिया, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरे

पिछले दो दिनों से प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने की घटनाएं सामने आईं। उज्जैन जिले के घट्टिया, महिदपुर, उन्हेल समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसलें गिरने से दानों को क्षति हुई है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटों में 25 जिलों के करीब 80 शहरों और कस्बों में बारिश दर्ज की गई। इनमें धार, श्योपुर, शिवपुरी, इंदौर, आगर-मालवा, उज्जैन, राजगढ़, खरगोन, मुरैना, सीहोर, दतिया, ग्वालियर, भोपाल, गुना, रतलाम, बड़वानी, मंदसौर, शाजापुर, देवास, विदिशा, अशोकनगर, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर जिले शामिल हैं। श्योपुर के नालछा में सर्वाधिक 1 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि श्योपुर में आंधी की रफ्तार 63 किमी प्रति घंटा रही। भोपाल और सीहोर सहित कई जिलों में तेज हवाएं चलीं। फरवरी की शुरुआत से ही प्रदेश में दो बार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो चुकी है।

दिन में ठंडक, रात में राहत

बारिश और सर्द हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार को ठंडी हवाएं चलने से लोग फिर गर्म कपड़ों में नजर आए। हालांकि रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। प्रदेश के पांच प्रमुख शहर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। खजुराहो और कल्याणपुर में ही पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। अगले दो दिन के पूर्वानुमान की बात करें तो 21 फरवरी को बारिश की चेतावनी नहीं, दिन में धूप निकल सकती है। 22 फरवरी को भी मौसम साफ रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button