देश

झांसी: शादी से पांच दिन पहले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पत्थर पर लिखे संदेश से मचा हड़कंप

 

झांसी। जनपद के समथर थाना क्षेत्र अंतर्गत साकिन गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब शादी की खुशियों के बीच दूल्हे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 22 वर्षीय पंकज कुशवाहा के रूप में हुई है। घटना की संवेदनशीलता तब और बढ़ गई जब शव के पास ही एक पत्थर पर कोयले या किसी अन्य वस्तु से लिखा हुआ एक संदेश बरामद हुआ, जिसमें मृतक ने अपने दोस्तों और मंगेतर के बीच संबंधों का जिक्र किया है।

जानकारी के अनुसार, पंकज की शादी एक साल पहले मध्य प्रदेश के भांडेर की एक युवती से तय हुई थी। आगामी 21 फरवरी को बारात जानी थी और घर में उत्सव का माहौल था। रविवार को पंकज चिरगांव में अपनी शादी के कार्ड बांटकर लौटा था। सोमवार सुबह जब उसकी मां जागी, तो पंकज कमरे में नहीं था और घर की कुंडी बाहर से बंद थी। परिजनों ने जब तलाश शुरू की, तो गांव के पास स्थित अंजनी माता मंदिर के समीप पीपल के पेड़ पर पंकज का शव लटका हुआ पाया गया।

घटनास्थल पर मिले पत्थर पर लिखा है कि उसके दोस्त आबिद खान ने उसकी मंगेतर से संबंध बनाए थे और दूसरा दोस्त दीपक उसे पल-पल की जानकारी देता था। पत्थर पर तीन मोबाइल नंबर भी अंकित हैं, जिनमें से एक पंकज के दोस्त का बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, पंकज अक्सर अपने दोस्तों के साथ मंगेतर से मिलने जाता था, इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आ रही है।

मृतक के चचेरे भाई चंद्रकांत कुशवाहा ने बताया कि 20 फरवरी को गांव और रिश्तेदारों की दावत थी और शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इस हृदय विदारक घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची समथर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पत्थर पर लिखे संदेश और कॉल डिटेल की गहनता से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पेचीदा नजर आ रहा है, पुलिस हत्या और साजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर साक्ष्य जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button