सेंट्रल नोएडा: युवती से मारपीट मामले में फूटा गुस्सा, संगठनों ने किया बिसरख थाने का घेराव

नोएडा। सेंट्रल नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में 14 फरवरी को युवक-युवतियों के साथ हुई बेरहमी से मारपीट की घटना ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बिसरख थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में शामिल सभी दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

पूरा मामला बीते 14 फरवरी का है, जब सड़क पर गाड़ी का हॉर्न बजाने जैसी मामूली बात को लेकर दबंगों ने गुंडागर्दी का परिचय दिया था। आरोप है कि दबंगों ने बीच सड़क पर गाड़ी रोककर उसमें सवार युवक और युवतियों के साथ अभद्रता की। दबंगों का दुस्साहस इतना बढ़ गया कि उन्होंने युवतियों को जबरन गाड़ी से बाहर खींच लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे।

हालांकि, पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन प्रदर्शनकारी इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। संगठनों का आरोप है कि घटना में अन्य लोग भी शामिल थे जिन्हें पुलिस का संरक्षण मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि महिलाओं के साथ सरेराह इस तरह की बर्बरता करने वालों पर ऐसी कार्रवाई हो जो नज़ीर बने, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत न कर सके।
बिसरख थाने पर भारी भीड़ और हंगामे को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर अन्य दोषियों की पहचान की जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।



