मुजफ्फरनगर शामली

कांधला में 10 नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव कार्यक्रम, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को मिली मजबूती

शामली। महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कांधला में 10 नवजात कन्याओं का जन्मोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिलाधिकारी शामली अरविंद कुमार चौहान के आदेशों के अनुपालन में जिला प्रोबेशन अधिकारी मौहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म को समाज में उत्सव के रूप में प्रस्तुत करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना रहा।

नवजात बालिकाओं का स्वागत और जन जागरूकता

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. वीरेंद्र कुमार ने की। नवजात कन्याओं के जन्मोत्सव के अवसर पर केक काटकर उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही बेबी किट, फलों की टोकरी, कम्बल और बेबी बिब उपहार देकर उनका स्वागत किया गया। माताओं को पोषण, स्वास्थ्य, प्रसवोत्तर देखभाल तथा बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई।

सदफ़ ख़ान, जिला मिशन समन्वयक, और कुलदीप शर्मा, जेंडर स्पेशलिस्ट (HEW) ने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया और पात्र लाभार्थियों को आवेदन में सहायता प्रदान की। बीपीएम मौ तौहीद, आशा बहु और स्थानीय महिलाएं भी सक्रिय रूप से कार्यक्रम में शामिल रहीं।

बाल विवाह मुक्त समाज और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत बाल विवाह के दुष्परिणाम और दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही साइबर हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 108 एम्बुलेंस, 1098 चाइल्डलाइन, 181 विमेंस हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित सभी आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई।

स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर समाज को बालिकाओं के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने का संकल्प लिया।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत अगला कार्यक्रम 19 फरवरी 2026 को प्रथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बाबरी में एकल कन्या सम्मान कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button