जिलाधिकारी शामली ने प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर दिए दिशा-निर्देश

जिलाधिकारी शामली अरविन्द कुमार चौहान ने थानाभवन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय नंबर-1, ग्राम हरड़ फतेहपुर और प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 कम्पोजिट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्राथमिक विद्यालय नंबर-1, ग्राम हरड़ फतेहपुर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद किया। कुछ बच्चे बिना ड्रेस के उपस्थित पाए जाने पर उन्हें प्रॉपर ड्रेस में लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही विद्यालय प्रांगण में बने किचन गार्डन का निरीक्षण कर उसकी उचित निराई-गुड़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान निर्वाचन संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय नंबर-1 कम्पोजिट का निरीक्षण किया गया, जिसमें क्लासरूम में बच्चों के बैठने के लिए बैंच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए।
जिलाधिकारी ने कक्षा एक में बच्चों से हिंदी विषय की पुस्तक पढ़वाई, जिसमें बच्चों की पढ़ाई कमजोर पाई गई। इसके मद्देनजर गुणवत्तापरक शिक्षा पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए। विद्यालय में शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति को लेकर भी सुधार के निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के समय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर, जिला समन्वयक मिड-डे मील जितेन्द्र कुमार और स्कूली स्टाफ उपस्थित थे।



